होली, उमंग और आपसी मेल-जोल का त्योहार है। लजीज पकवान और मिठाइयां इस त्योहार को काफी खास बना देती हैं। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, रंगों को इस त्योहार में सेहत को लेकर भी विशेष सावधानी बरतते रहना जरूरी है। रंग-गुलाल के कारण जहां अस्थमा के ट्रिगर होने का जोखिम रहता है, वहीं पकवान और मिठाइयां शुगर लेवल को बढ़ा सकती है इसलिए जरूरी है कि होली के समय में आप विशेष सावधानी बरतते रहें।
Holi 2024: लजीज पकवानों की मिठास कहीं बढ़ा न दे ब्लड शुगर, होली में डायबिटीज रोगी इन बातों का रखें खास ध्यान
होली में शुगर बढ़ने का जोखिम
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, डायबिटीज की समस्या वाले लोगों को दैनिक रूप से अपने खान-पान और कैलोरी की मात्रा पर विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। त्योहारों में चूंकि मिठाइयों-पकवानों की अधिकता होती है, ऐसे में आहार में गड़बड़ी से आपके लिए मुश्किलें और भी बढ़ सकती हैं।
पुणे स्थित डाइबिटोलॉजिस्ट डॉ. एन आर सहाय कहते हैं, रंगों और लजीज खानपान का यह त्योहार आपके लिए सेहतमंद भी रहे, इस बात को जरूर सुनिश्चित करें। मधुमेह रोगियों को होली के त्योहार में कुछ बातों को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए।
खान-पान को लेकर विशेष सावधानी जरूरी
डॉक्टर कहते हैं जिन लोगों को डायबिटीज की दिक्कत है और अक्सर शुगर लेवल बढ़ा हुआ रहता है उन्हें खान-पान को लेकर सावधानी बरतनी चाहिए। कोशिश करें कि उन पकवानों का सेवन कम या बिल्कुल न करें जो ज्यादा मीठी हों। मिठाइयों का आनंद लेना ही चाहते हैं तो चीनी की जगह गुड़ से बनी मिठाई और पकवान खा सकते हैं।
मधुमेह वाले लोगों को जितना संभव हो सके कार्ब्स का सेवन भी कम करना चाहिए। आहार में ओमेगा-3, मोनोअनसैचुरेटेड फैट्स, फाइबर और पोषक तत्वों से भरपूर चीजों की मात्रा जरूर होनी चाहिए।
होने न पाए डिहाइड्रेशन
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, होली के उत्सव में हमें पानी पीने में कोई कोताही नहीं करनी चाहिए। रंगों के कारण भी आप डिहाइड्रेशन का अनुभव कर सकते हैं और इस तरह की स्थितियां डायबिटीज रोगियों की समस्या को बढ़ा सकती है। थोड़ी-थोड़ी देर पर पानी, छाछ और स्वस्थ पेय का सेवन करते रहें। हालांकि ध्यान रखें मीठे पेय, कोल्ड ड्रिक्स आदि से बचाव करें इससे भी तेजी से शुगर लेवल बढ़ने का खतरा हो सकता है।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आखिरी लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि डायबिटीज के शिकार लोगों को अल्कोहल या किसी अन्य मादक चीजों के सेवन से बिल्कुल परहेज करना चाहिए। शराब पीने से ब्लड शुगर के न सिर्फ बढ़ने का खतरा रहता है साथ ही ये डायबिटीज की अन्य जटिलताओं को भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
डायबिटीज रोगियों को होली में सेहत को ठीक रखने के लिए खान-पान को लेकर सावधानी बरतने के साथ डॉक्टर द्वारा दी गई दवाओं का समय पर सेवन करना चाहिए। ऐसी किसी भी चीज से बचाव जरूरी है जिससे शुगर लेवल बढ़ने का खतरा हो सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।