आंखों में होने वाले दर्द, चुभन और जलन को अक्सर हम सभी थकान समझकर टाल देते हैं। कुछ देर आराम करने या आंखें बंद करने से राहत मिल जाए, तो लगता है कि परेशानी खत्म हो गई। लेकिन क्या आंखों में बार-बार होने वाला दर्द किसी गंभीर बीमारी का संकेत भी हो सकता है?
सेहत की बात: क्या आपकी आंखों में भी रहता है लगातार दर्द? जानिए इसके पीछे की वजह
Eye Pain: आंखों में दर्द, लालिमा और सूजन कई कारणों से हो सकती है। स्क्रीन टाइम, धूल-एलर्जी, चोट और संक्रमण इसके प्रमुख कारण हैं। बार-बार होने वाले दर्द को नजरअंदाज न करें। आंखों में तेज दर्द, नजर कमजोर होने या संक्रमण के लक्षण दिखने पर नेत्र रोग विशेषज्ञ से सलाह लें।
आंखों में दर्द की समस्या
आंखों में दर्द की एक प्रमुख वजह कंजक्टिवाइटिस है, इसे पिंक आई भी कहा जाता है। इसमें आंखें लाल हो जाती हैं और उनमें खुजली, जलन या पानी आने की समस्या होती है। आंखों में चोट लगने से भी दर्द हो सकता है। इसके अलावा संक्रमण और प्रदूषण आंखों में परेशानी बढ़ा सकते हैं।
- आंखों की समस्याएं शुरुआत में हल्की लग सकती हैं, लेकिन अगर ये लगातार बनी रहती हैं या लक्षण बढ़ रहे हैं तो इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
- सही समय पर डॉक्टर से जांच कराने से गंभीर जटिलताओं से बचने में मदद मिल सकती है।
दर्द के क्या कारण हो सकते हैं?
कई स्थितियां हैं जो आंखों में दर्द का खतरा बढ़ाने वाला हो सकती हैं, जिनपर गंभीरता से ध्यान दिया जाना चाहिए।
- लंबे समय तक काम करने या पर्याप्त आराम न मिलने से आंखों में दर्द और भारीपन महसूस हो सकता है।
- बहुत तेज रोशनी या कम रोशनी में लगातार देखने से आंखों पर दबाव पड़ सकता है।
- धूल, प्रदूषण और एलर्जेन के संपर्क में आने से आंखों में खुजली, सूजन और जलन हो सकती है।
- मोबाइल, लैपटॉप और कंप्यूटर का लंबे समय तक इस्तेमाल करने से आंखों में थकान, सूखापन और दर्द की शिकायत हो सकती है।
- वायरस या बैक्टीरिया के कारण आंखों में लालिमा, दर्द, खुजली और पानी आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
आंखों के संक्रमण को न लें हल्के में
बैक्टीरिया, वायरस, फंगस और परजीवियों के कारण आंखों में संक्रमण हो सकता है। आंखों को बार-बार हाथों से रगड़ने की आदत संक्रमण का खतरा बढ़ा सकती है। गंदे हाथों के जरिए वायरस और बैक्टीरिया आंखों तक पहुंच जाते हैं।
- आंखों में संक्रमण होने पर खुद से दवाएं या आई ड्रॉप इस्तेमाल करने से बचें। आंखों की संवेदनशीलता को देखते हुए डॉक्टर की सलाह से उपचार लेना जरूरी है। यदि दर्द के साथ अचानक नजर कमजोर हो, तेज लालिमा हो या रोशनी सहन न हो, तो इसकी तुरंत जांच कराएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
