तेज गर्मी और धूप का यह मौसम हमारी सेहत के लिए कई प्रकार से हानिकारक हो सकता है। कई शहरों में पारा 45 डिग्री को पार कर रहा है, जिसके कारण हीट स्ट्रोक का खतरा हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इन दिनों दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए। हीट स्ट्रोक के कारण शरीर का तापमान बहुत अधिक बढ़ने के साथ कई अन्य प्रकार की स्वास्थ्य समस्याएं भी हो सकती हैं, जिनके गंभीर दुष्प्रभावों का भी जोखिम हो सकता है।
Heat Stroke: हीट स्ट्रोक के कारण बढ़ सकता है शरीर का तापमान, बचाव के लिए जानिए किन चीजों का सेवन फायदेमंद?
शरीर का बढ़ा हुआ तापमान हानिकारक
हमारे शरीर का सामान्य तापमान आमतौर पर 98.6°F (37°C) होता है। बुखार की स्थिति में यह 102-104°F तक बढ़ जाता है, जिसमें शरीर पसीने का अधिक उत्पादन करके इस ताप को नियंत्रित कर लेती है। पर हीट स्ट्रोक की स्थिति में चूंकि पसीने का उत्पादन करने वाली ग्रंथियां ठीक से काम नहीं कर पाती हैं जिससे तापमान के बहुत अधिक होने का जोखिम हो सकता है।
जब हीट स्ट्रोक होता है, तो शरीर का तापमान 10 से 15 मिनट के भीतर ही 106°F या इससे अधिक हो सकता है। अगर व्यक्ति को आपातकालीन उपचार नहीं मिलता है तो हीट स्ट्रोक गंभीर जोखिम कारक हो सकता है।
हो सकते हैं गंभीर दुष्प्रभाव
सामान्य से अधिक तापमान शरीर के अंगों के लिए हानिकारक हो सकता है। जिन लोगों के पहले से ही हृदय या फेफड़ों से संबंधित बीमारी है, उनके लिए विशेष रूप से यह खतरनाक हो सकता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि तापमान बढ़ने से हृदय गति और सांस लेने की गति भी बढ़ने लग जाती है, इसे ब्लड प्रेशर के अधिक होने का जोखिम हो सकता है।
इसलिए जरूरी है कि शरीर के तापमान को संतुलित रखने के लिए गर्मी के दिनों में निरंतर प्रयास किए जाएं।
पानी पीते रहना आवश्यक
रोजाना कम से कम 3-4 लीटर पानी पीते रहना शरीर के लिए बहुत आवश्यक है। यह शरीर में पोषक तत्वों के संचार और अपशिष्ट को दूर करने में मदद करता है। इसके अलावा पसीने के माध्यम से शरीर को ठंडा करके शरीर के तापमान को नियंत्रित करने में पानी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
यही कारण है कि डिहाइड्रेशन की स्थिति में हीट स्ट्रोक होने का खतरा काफी बढ़ जाता है। शरीर में पानी की कमी न होने पाए इसका ध्यान रखें।
इन चीजों का भी कर सकते हैं सेवन
पानी के अलावा फलों-सब्जियों का सेवन करके भी आप शरीर के तापमान को बेहतर बनाए रख सकते हैं। पत्तेदार साग, छाछ, आम,नींबू, दही, एवोकाडो और नारियल पानी पीने से आपको विशेष लाभ मिल सकता है। गर्मी के दिनों में मिलने वाले कई फल जैसे तरबूज-खरबूज में भी पानी की मात्रा अधिक होती है, इनके सेवन से भी शरीर में पानी की कमी को पूरा करने और तापमान को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।