हम सभी यह जानते हैं कि पैदल चलने के बहुत से फायदे होते हैं। हर सुबह नियमित तौर पर टहलना हमारे स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद होता है। हममें से अधिकतर लोग टहल नहीं पाते हैं। भागदौड़ भरे जीवन में हमारे पास समय ही नहीं होता। सुबह उठे और नहा धो कर, नाश्ता कर के काम पर निकल जाते हैं। हालांकि समय की कमी से बड़ी परेशानी है हमारी दृढ़ इच्छा में कमी। थोड़ा सा टाइम मैनेजमेंट यानी समय प्रबंधन कर लें तो टहलने के लिए आसानी से समय निकल सकता है। हर दिन पैदल चलने से हमारा स्वास्थ्य अच्छा रहता है और ऐसा करना हमें कई तरह की बीमारियों से भी बचाता है। आइए, जानते हैं इस बारे में विस्तार से:
डायबिटीज से लेकर ब्रेन स्ट्रोक तक इन 5 बीमारियों का खतरा कम करती है टहलने की आदत
हेल्थडॉटहार्वर्ड की एक रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक रोजाना पैदल चलने से हमारी जीवनशैली भी सुधरती है और कई बीमारियों का खतरा कम होता है। यह तो हम सभी जानते हैं कि मोटापा घटाने या वजन कम करने के लिए टहलना कितना महत्वपूर्ण होता है। वेट लॉस टिप्स में लोगों को पैदल चलने की सलाह जरूर दी जाती है। पैदल चलने से हमारी कैलोरी बर्न होती है, शरीर पसीना छोड़ता है और फैट कम होने से वजन भी कम होता है। रिसर्च के मुताबिक, रिसर्च में यह भी देखा गया कि नियमित टहलने वाले लोगों को हिप फ्रैक्चर का खतरा करीब 43 फीसदी कम हो जाता है।
ब्रेन स्ट्रोक का खतरा कम
सुबह मॉर्निंग वॉक करने से हमें ताजी हवा मिलती है और हमारा मूड फ्रेश होता है। रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक सुबह टहलना हमें ब्रेन स्ट्रोक जैसी स्थिति से भी बचाता है। पूरे हफ्ते में दो से ढाई घंटे पैदल चलने से भी ब्रेन स्ट्रोक का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। सुबह थोड़ा सवेरे जगने की आदत भी हमारी जीवनशैली निखारती है। लॉकडाउन के दौरान आप अपने घर की छत पर या आंगन में टहल सकते हैं।
डिप्रेशन से बचाए
भागदौड़ भरी जीवनशैली में पढ़ाई, करियर और काम के बोझ के बीच तनाव होना आम बात है। दोस्तों या रिश्तेदारों से थोड़ी कहासुनी हो जाए तो तनाव हो जाता है। तनाव ज्यादा हो तो आदमी डिप्रेशन में जा सकता है। रोज टहलने की आदत हमें इस स्थिति से भी बचाती है। पैदल चलने से हमारे शरीर की कोशिकाओं की एक्सरसाइज हो जाती है और हमारे मस्तिष्क की सक्रियता भी बढ़ती है। ऐसा करना आपको डिप्रेशन से बचाव में मदद करता है।
डायबिटीज से बचेंगे
देश में करोड़ों लोग डायबिटीज से जूझ रहे हैं। इसी डायबिटीज के कारण जिंदगी बेस्वाद हो जाती है। इससे बचने के लिए खानपान पर नियंत्रण रहना तो जरूरी है ही, रोजाना पैदल चलना भी आपको इस बीमारी से बचाता है। पैदल चलने से शरीर के खून में मौजूद अतिरिक्त शुगर बर्न होता है। जिन्हें पहले से ही डायबिटीज हो, उनके लिए भी पैदल चलना फायदेमंद होता है। ऐसा नियमित करना उन्हें डायबिटीज से होने वाले अन्य स्वास्थ्य जोखिमों से बचाता हैं