छोटे बच्चे अक्सर रात को बिस्तर गीला कर देते हैं यानी पेशाब कर देते हैं, यह तो सामान्य बात है, लेकिन अगर आपका बच्चा दिन में बार-बार पेशाब करता है तो आपको सावधान हो जाना चाहिए, क्योंकि यह एक बीमारी का संकेत हो सकता है। दरअसल, बच्चों में बार-बार पेशाब आने का कारण पोलाकीरिया नामक बीमारी हो सकती है। सेंट लुइस चिल्ड्रन्स अस्पताल के मुताबिक, पोलाकीरिया से पीड़ित बच्चे प्रति दिन 40 बार या प्रति घंटे तीन से चार बार पेशाब करते हैं। हालांकि ज्यादा उम्र के लोगों में भी यह समस्या दिखती है, लेकिन तीन से पांच साल तक के बच्चों में यह समस्या बहुत ही आम होती है। आइए जानते हैं इस बीमारी के कारण और लक्षणों के बारे में...
बच्चों में बार-बार पेशाब आने की समस्या को न करें नजरअंदाज, हो सकता है इस बीमारी का संकेत
पोलाकीरिया के कारण
मेडिकल न्यूज टूडे के मुताबिक, पोलाकीरिया का सटीक कारण तो डॉक्टर नहीं जानते हैं, लेकिन इसके कुछ संभावित कारण ये हो सकते हैं:
- शरीर में रासायनिक बदलाव होने से
- हाइपरकैल्शिरिया यानी मूत्र में कैल्शियम की मात्रा अधिक होने से
- भावनात्मक या सामाजिक तनाव से (हालांकि बच्चे की काउंसिलिंग या माता-पिता के सपोर्ट से इस परेशानी को खत्म किया जा सकता है)
- मूत्राशय के अधिक सक्रिय रहने की वजह से
पोलाकीरिया के लक्षण
- हर 15 मिनट या आधे घंटे पर पेशाब करना
- हर बार थोड़ा-थोड़ा करके पेशाब आना
- पेशाब करने के दौरान दर्द होना
- रात में अधिक पेशाब आना
- मल त्याग में बदलाव
मेडिकल न्यूज टूडे के मुताबिक, वैसे पोलाकीरिया की वजह से कोई खास परेशानी नहीं होती है, लेकिन अगर आपके बच्चे को पेशाब करने के दौरान अचानक दर्द होता है या जलन होती है और उसे हर समय बहुत ज्यादा प्यास लगती है, तो आपको बच्चे को तुरंत डॉक्टर से दिखाना चाहिए, क्योंकि हो सकता है कि संक्रमण की वजह से भी बच्चे को ऐसा हो रहा है।