मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. महाथिर बिन मोहम्मद (जन्म 10 जुलाई 1925) आज 100 साल के हो गए हैं। उन्होंने 1981 से 2003 तक और फिर 2018 से 2020 तक मलेशिया के चौथे और सातवें प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया। वह देश के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले प्रधान मंत्री हैं।
Health Is Wealth: सौ साल के हुए मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. महाथिर, बताया कैसे हैं इस उम्र में भी फिट
- मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री महाथिर बिन मोहम्मद 100 साल की उम्र में भी वह फिट और तंदुरुस्त हैं। आज 100 साल के हो गए हैं।
- हाल ही में श्रीलंकाई मीडिया को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी सेहत को लेकर कई जानकारियां साझा की हैं और जरूरी टिप्स दिए हैं।
'दो बार ओपन-हार्ट सर्जरी होने के बाद भी स्वस्थ हूं'
श्रीलंका गार्डियन को दिए गए एक इंटरव्यू में जब पूर्व प्रधानमंत्री से उनके स्वस्थ और खुशहाल जीवन का राज पूछा गया, तो पूर्व प्रधानमंत्री ने जवाब दिया कि लोग अक्सर उनसे यही सवाल पूछते हैं, ये कठिन काम जरूर है पर मुश्किल नहीं।
पूर्व प्रधानमंत्री महाथिर ने कहा, मुझे लगता है कि यह सिर्फ मेरी खुशकिस्मती है। अगर मुझे कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी होती, तो जिंदगी बिल्कुल अलग होती। मुझे दिल का दौरा पड़ा और दो बार मेरी ओपन-हार्ट सर्जरी हुई। मैं बच गया, ठीक हो गया और काम करने लगा। उसके बाद, मैं अपने खाने-पीने का ज्यादा ध्यान रखने लगा। मैं अपना वजन स्थिर रखता हूं, इसे बिल्कुल बढ़ने नहीं देता।
वजन को कंट्रोल में रखना सबसे जरूरी
वजन को कंट्रोल में रखने को पूर्व प्रधानमंत्री महाथिर सबसे जरूरी और प्रभावी तरीका मानते हैं। उन्होंने बताया कि आज की दुनिया में खाना एक वरदान भी है और एक समस्या भी। एक तरफ मोटापे के शिकार लोग हैं, और दूसरी तरफ भूख से मरती दुनिया। मैं मोटापे से बचता हूं और रोजाना थोड़ा-थोड़ा ही खाता हूं।
युवा कैसे खुद को स्वस्थ रखें और 100 साल तक जी सकते हैं, इस बारे में डॉ. महाथिर कहते हैं, कम उम्र से ही सबसे जरूरी कि आप सक्रियता का ध्यान रखें। सक्रिय रहने का मतलब सिर्फ शारीरिक रूप से सक्रिय रहना नहीं है, मस्तिष्क को भी सक्रिय रखना चाहिए। मस्तिष्क एक अद्भुत मांसपेशी है, आपको इसे हर दिन इस्तेमाल करना चाहिए।
अगर आप एथलीटों को देखें, तो उनकी मांसपेशियां बड़ी होती हैं क्योंकि वे व्यायाम करते हैं। इसी तरह, आपको भी निष्क्रिय नहीं रहना चाहिए। शरीर के साथ मस्तिष्क का भी लगातार व्यायाम होना चाहिए।"
100 साल तक जीना कठिन नहीं
डॉ. महाथिर कहते हैं, मैं आराम करना चाहता हूं, लेकिन मैं अब भी लगभग रोज काम पर आता हूं। आमतौर पर लोग 55 या 56 साल की उम्र में रिटायर होने की कोशिश करते हैं, लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए। मैं अपने शरीर और दिमाग को हर समय सक्रिय रखता हूं। मैं अब भी पढ़ता हूं, लिखता हूं और जो भी जरूरी है वो खुद से करता हूं।
अगर कम उम्र से ही शरीर-मस्तिष्क को सक्रिय रखा जाए, खान-पान ठीक रखा जाए तो 100 साल तक स्वस्थ जीवन जीना इतना भी कठिन नहीं है।
-------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।