शरीर की बेहतर सेहत के लिए सही मात्रा में हमें सभी प्रकार के पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। शोधकर्ता कहते हैं, अगर विटामिन्स और मिनरल्स की हमारे शरीर को सही मात्रा प्राप्त होती रहती है तो इससे सभी अंग ठीक तरीके से काम करते रहते हैं, पर अगर इसी की अधिकता या कमी हो जाए तो फायदे की जगह नुकसान भी हो सकते हैं।
सेहत की बात: इन चीजों का बहुत ज्यादा या बहुत कम सेवन, दोनों हानिकारक, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे हैं ये गलती?
नमक की कमी और अधिकता दोनों हानिकारक
अध्ययनों में बार-बार आगाह किया जाता रहा है कि सभी लोगों को नमक का सेवन कम करना चाहिए। वयस्कों को प्रतिदिन केवल 1 से 2 ग्राम की मात्रा में नमक की आवश्यकता होती है। प्रतिदिन 2,000 मिलीग्राम से अधिक सोडियम का सेवन उच्च रक्तचाप का कारण बन सकता है जिससे किडनी रोग और हृदय की समस्याएं (जैसे हार्ट अटैक और स्ट्रोक) हो सकती हैं।
वहीं दूसरी तरह अगर नमक का बहुत कम सेवन करने लगें तो इससे सोडियम की कमी हो जाती है, जो सिर दर्द-उलझन, ऊर्जा में कमी और थकान का कारण बन सकती है।
कार्बोहाइड्रेट का सही मात्रा में करें सेवन
कार्बोहाइड्रेट भी हमारे शरीर के लिए उसी तरह से आवश्यक है जैसे प्रोटीन्स और विटामिन्स। पर अगर आप बहुत आधिक मात्रा में कार्ब्स का सेवन करते हैं तो इससे तेजी से शरीर में फैट की मात्रा बढ़ने लगती है जो मोटापे का प्रमुख कारण है। यह ब्लड शुगर को भी बढ़ाने वाली स्थिति हो सकती है। इसलिए अधिकतर फिटनेस फ्रीक लोग कार्बोहाइड्रेट का सेवन कम या बंद कर देते हैं।
पर सावधान, कार्बोहाइड्रेट शरीर के लिए ऊर्जा का प्रमुख स्रोत है, अगर इसका सही मात्रा में सेवन न किया जाए तो आप गंभीर कमजोरी के शिकार हो सकते हैं।
बहुत अधिक पीना भी नुकसानदायक
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सभी लोगों को दिनभर में तीन-चार लीटर की मात्रा में पानी पीते रहने की सलाह दी जाती है, ये पाचन, शरीर के रसायनिक संतुलन और किडनी के कार्यों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए आवश्यक है। पानी की कमी से डिहाइड्रेशन हो सकता है, पर यहां ध्यान देने वाली बात यह भी है कि अगर आप बहुत अधिक मात्रा में पानी पीने लगते हैं तो यह भी नुकसानदायक हो सकता है।
अधिक पानी के कारण वाटर प्वाइजनिंग और शरीर में सोडियम का असंतुलन हो सकता है।
प्रोटीन वाली चीजें
मांसपेशियों के विकास और इन्हें मजबूत बनाए रखने के लिए प्रोटीन सबसे आवश्यक तत्वों में से एक है। यह मांसपेशियों की मरम्मत करने और कोशिकाओं को स्वस्थ रखने में मदद करता है। यही कारण है कि जिम जाने वाले लोगों के लिए प्रोटीन सबसे पसंदीदा पोषक तत्व रहा है। पर सावधान, बहुत अधिक मात्रा में प्रोटीन भी हानिकारक हो सकता है।
पेशाब में इसकी अधिकता के कारण किडनी स्टोन और रक्त में अधिकता के कारण यूरिक एसिड बढ़ने की समस्या हो सकती है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।