दिवाली खुशियों, रोशनी और स्वादिष्ट पकवानों का त्योहार है। इस दिन हमारे घरों में तरह-तरह के पकवान बनते हैं, लोग आतिशबाजी का भी आनंद लेते हैं। लेकिन दिल्ली-एनसीआर जैसे इलाकों में दिवाली के आसपास बढ़ता वायु प्रदूषण सेहत के लिए परेशानी बढ़ा सकता है। पटाखों से निकलने वाला धुआं, बारीक कण (पीए2.5 और पीएं10) और जहरीली गैसें सांस के साथ शरीर में पहुंचकर फेफड़ों और दिल पर असर डाल सकती हैं।
दिवाली 2026: पटाखे और मिठाइयां कहीं बिगाड़ न दें त्योहार की रौनक, इन बीमारियों के मरीज बरतें खास सावधानी
Diwali 2026: दिवाली पर पटाखों का धुआं और दिल्ली-एनसीआर का बढ़ता प्रदूषण सांस और दिल की बीमारियों से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। वहीं, ज्यादा मिठाई, नमकीन और तला-भुना खाना डायबिटीज, हाई बीपी और किडनी के मरीजों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
प्रदूषण बीते कुछ दिनों से लोगों की सेहत के लिए खतरा बना हुआ है, दिवाली के दौरान पटाखों के कारण ये समस्या थोड़ी और बढ़ जाती है। ऐसे में सांस की समस्याओं से परेशान लोगों को इन दिनों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
अस्थमा और सीओपीडी के मरीज बरतें सावधानी
दिवाली के दौरान सबसे ज्यादा सावधानी सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों को रखनी चाहिए। पटाखों से निकलने वाला धुआं, सल्फर डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और बारीक प्रदूषक कण सांस की नलियों में सूजन और जलन पैदा कर सकते हैं। इससे अस्थमा के मरीजों को खांसी, सीने में जकड़न, घरघराहट और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। सीओपीडी के मरीजों में भी बीमारी के लक्षण गंभीर हो सकते हैं।
- दिवाली को खुशियों वाला मनाने के लिए पटाखों के धुएं से दूर रहें और प्रदूषण ज्यादा होने पर बाहर निकलने से बचें। दिवाली के दौरान भी डॉक्टर की बताई दवाएं व इनहेलर अपने पास रखें।
हार्ट के मरीज रखें सेहत का ख्याल
प्रदूषण का असर सिर्फ फेफड़ों तक सीमित नहीं रहता, दिल और रक्त वाहिकाओं पर भी इसका असर पड़ सकता है। पीएम 2.5 जैसे बारीक कण फेफड़ों में पहुंचकर शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ा सकते हैं। इससे पहले से दिल की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए जोखिम बढ़ सकता है। दूसरी तरफ दिवाली पर ज्यादा तला-भुना खाना और मीठी-नमक चीजें खाने से कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा हो सकता है।
- सेहत को ठीक रखने के लिए ज्यादा नमक और फैट वाले पकवान कम मात्रा में खाएं। समय पर दवाएं लें और प्रदूषण के दौरान बाहर एक्सरसाइज करने से बचें।
डायबिटीज के मरीजों के लिए खतरा
दिवाली पर मिठाइयों, पकवान और मीठे पेय पदार्थों से दूरी बनाए रखना डायबिटीज के मरीजों के लिए जरूरी है। इनमें मौजूद अधिक मात्रा में चीनी और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट, खाने के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ा सकते हैं। त्योहार के दौरान समय पर खाना न खाना, दवाएं न लेना और शारीरिक गतिविधि कम करना भी शुगर को बढ़ा सकता है।
- ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने के लिए मिठाइयां कम से कम खाएं, शुगर फ्री मिठाइयां खा सकते हैं। डॉक्टर की सलाह के अनुसार ब्लड शुगर चेक करते रहें।
हाई ब्लड प्रेशर और किडनी के मरीज
दिवाली पर नमकीन, चिप्स, पापड़ और दूसरी चीजों का सेवन बढ़ जाता है। इनमें सोडियम की मात्रा अधिक हो सकती है। ज्यादा नमक वाली चीजें खाने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और शरीर में पानी जमा होने की समस्या हो सकती है। किडनी के मरीजों के लिए यह परेशानी ज्यादा गंभीर हो सकती है, क्योंकि उनकी किडनी शरीर से अतिरिक्त नमक और पानी नहीं निकाल पाती है।
- बीपी को कंट्रोल रखने के लिए डाइट में नमक वाली चीजों की मात्रा कम रखें और पैकेट वाले स्नैक्स कम खाएं। डॉक्टर की बताई डाइट लें और बीपी चेक करते रहें।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
