डॉ. गिरीश अग्रवाल, चेस्ट फिजिशियन
देश में काफी तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के बीच इसके खिलाफ टीकाकरण अभियान भी काफी तेजी से चल रहा है। कोविड टीकाकरण केंद्रो में बड़ी संख्या में लोग टीके लगवा रहे हैं। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 अप्रैल से 14 अप्रैल तक टीका उत्सव मनाने के आह्वान पर टीकाकरण अभियान में शानदार तेजी आई है। इस विशेष टीकाकरण अभियान के दूसरे दिन यानी 12 अप्रैल को देशभर में 40 लाख से अधिक लोगों को टीके की खुराक दी गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक देशभर में 10 करोड़ 85 लाख से अधिक वैक्सीन की खुराक लोगों को दी जा चुकी हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वैक्सीन की दोनों खुराक लेने के बाद किसी को कोरोना का संक्रमण हो सकता है या नहीं? आइए विशेषज्ञ से जानते हैं...
विशेषज्ञ से जानें: क्या वैक्सीन की दोनों खुराक लेने के बाद भी हो सकता है कोरोना?
रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में चेस्ट फिजिशियन डॉ. गिरीश अग्रवाल एक वीडियो के माध्यम से कहते हैं, 'अगर वैक्सीन की दो खुराक लेने के बाद भी अगर आपके शरीर में एंटीबॉडी की अच्छी खासी मात्रा है, तो भी आपको कोरोना का संक्रमण हो सकता है। कई मरीज ऐसे भी हैं, जिन्हें दो खुराक देने के बाद भी एंटीबॉडी नहीं बन रही है, इसलिए एंटीबॉडी के चक्कर में न पड़ें।'
डॉ. गिरीश अग्रवाल कहते हैं, 'हमारे शरीर में दो अलग-अलग प्रकार की प्रतिरोधक क्षमता होती है। पहली एंटीबॉडी, जो हम नाप सकते हैं, उससे आप नहीं बचेंगे। हालांकि ऐसा नहीं है कि आपको वैक्सीन नहीं लगवानी है। आपको टीका लगवाना है और जरूर लगवाना है, ये मत सोचिए कि ये आपको कोविड से बचाने में मदद करेगी या नहीं करेगी।'
कोरोना से बचने के लिए क्या करें?
- विश्व स्वास्थ्य संगठन से लेकर दुनिया की तमाम स्वास्थ्य से जुड़ी संस्थाओं और सरकारों का कहना है कि कोरोना से बचाव का सबसे अच्छा तरीका है कि मास्क पहनें, हाथ साबुन-पानी से धोते रहें, अगर साबुन-पानी संभव नहीं है तो सैनिटाइजर का उपयोग करें और साथ ही सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन करें। डॉ. गिरीश अग्रवाल भी कहते हैं कि ये उपाय कोरोना से बचाव में मदद कर सकते हैं।
जरूर लगवाएं टीका
- एक अप्रैल से कोरोना के खिलाफ टीकाकरण का दायरा बढ़ाया गया है। अब 45 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों को टीके लगाए जा रहे हैं। इसलिए अगर आप इसी आयु वर्ग में आते हैं, तो टीका जरूर लगवाएं। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर देश के तमाम नेता भी लोगों से वैक्सीन लगवाने की अपील कर रहे हैं, ताकि इस महामारी पर जल्द से जल्द काबू पाया जा सके।
नोट- यह लेख रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में चेस्ट फिजिशियन डॉ. गिरीश अग्रवाल द्वारा जारी किए गए एक वीडियो के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण- अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।