क्या आपको भी अक्सर गर्दन में दर्द रहता है, हाथ और उंगलियों तक झनझनाहट महसूस होती रहती है?
सर्वाइकल रेडिकुलोपैथी: कहीं आपके गर्दन की नस तो नहीं दब रही? ये लक्षण हैं तो तुरंत जाएं डॉक्टर के पास
Cervical Pain: गर्दन से हाथ और उंगलियों तक दर्द, झनझनाहट और सुन्नपन सर्वाइकल नस दबने का संकेत हो सकता है। किसी तरह की चोट और गलत पॉश्चर के कारण ये दिक्कत हो सकती है। सही तरीके से बैठने की आदत, नियमित व्यायाम और समय पर फिजियोथेरेपी से राहत मिल सकती है।
सर्वाइकल रेडिकुलोपैथी की समस्या
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सर्वाइकल रेडिकुलोपैथी एक ऐसी स्थिति है जिसमें सर्वाइकल स्पाइन से निकलने वाली तंत्रिकाओं पर दबाव पड़ता है। इस दबाव के कारण अक्सर गर्दन से कंधे, बांह या हाथ तक फैलने वाला दर्द और अन्य तंत्रिका संबंधी दिक्कतें हो सकती हैं।
लंबे समय तक मोबाइल चलाना, गलत पॉश्चर और लगातार बैठकर काम करना गर्दन की परेशानी बढ़ा सकता है। कुछ लोगों को इस समस्या के कारण उंगलियों में सुन्नपन, झनझनाहट और हाथों में कमजोरी भी महसूस होती है।
- उम्र बढ़ने के साथ गर्दन की डिस्क में घिसाव और लचीलापन कम हो जाता है। डिस्क बाहर की तरफ उभरकर नस पर दबाव डाल सकती है।
- लगातार झुककर मोबाइल चलाना, गलत तरीके से बैठकर लैपटॉप पर काम करते रहने और गर्दन को लंबे समय तक एक ही स्थिति में रखने से दर्द बढ़ा सकता है।
- गर्दन में चोट या अचानक झटका लगने से डिस्क प्रभावित हो सकती है और नस दब सकती है।
कैसे जानें कहीं आप भी तो नहीं हो गए हैं शिकार?
सर्वाइकल रेडिकुलोपैथी की समस्या में आपको कई तरह की दिक्कतें होने लगती हैं। गर्दन से कंधे और हाथ फैलने वाला दर्द इसका सबसे आम संकेत माना जाता है। इसके अलावा हाथों और उंगलियों में झनझनाहट या सुन्नपन भी बढ़ जाती है।
- गर्दन घुमाने पर दर्द बढ़ सकता है।
- कुछ लोगों को हाथों की मांसपेशियों में कमजोरी महसूस होने लगती है।
- कुछ मामलों में सिरदर्द की भी दिक्कत होने लगती है।
इस समस्या से कैसे करें बचाव?
सर्वाइकल और गर्दन में होने वाले दर्द की दूसरी समस्याओं से बचे रहने के लिए लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव बहुत जरूरी है।
- कंप्यूटर पर काम करते समय स्क्रीन को ऐसे रखें जिससे आपको गर्दन ज्यादा झुकाकर न रखनी पड़े, इसके अलावा हर 30-40 मिनट में ब्रेक लें।
- गर्दन और कंधों की हल्की एक्सरसाइज और डॉक्टर की सलाह से फिजियोथेरेपी से दर्द और अकड़न में राहत मिल सकती है।
- यदि हाथ-पैर की कमजोरी बढ़े या चलने और संतुलन में परेशानी हो तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
