कैंसर हर साल लाखों लोगों की मौत का कारण बनने वाली बीमारी है, समय के साथ इस रोग का खतरा और भी तेजी से बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, आनुवांशिकता के साथ लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण आप कैंसर के शिकार हो सकते हैं। लगभग सभी उम्र के लोगों में समय के साथ-साथ कैंसर का जोखिम बढ़ता हुआ देखा गया है।
Childhood Cancer: क्या 10 साल से कम आयु के बच्चे भी हो सकते हैं कैंसर के शिकार, क्या है इसकी वजह?
बच्चों में क्या हैं कैंसर के कारण?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, बच्चों में होने वाले अधिकांश कैंसर जीन में परिवर्तन के कारण होते हैं जो अनियंत्रित कोशिका वृद्धि के कारण ट्यूमर और कैंसर का खतरा बढ़ा देते हैं। कुछ बच्चों में कैंसर के लिए रेडिएशन के अत्यधिक संपर्क को प्रमुख कारण माना गया है। शोधकर्ता बताते हैं, सेकेंडहैंड स्मोकिंग यानी अगर परिवार में कोई धूम्रपान करता है और बच्चा उसके धुएं के संपर्क में रहता है तो इसके कारण भी कैंसर विकसित होने का खतरा हो सकता है।
हालांकि वयस्कों के विपरीत बच्चों में कुछ विशेष प्रकार के कैंसर का जोखिम अधिक देखा जाता रहा है।
ल्यूकेमिया का बच्चों में बढ़ रहा है जोखिम
अमेरिकन कैंसर सोसाइटी की रिपोर्ट से पता चलता है कि ल्यूकेमिया का खतरा बच्चों में सबसे अधिक हो सकता है। ल्यूकेमिया, रक्त कोशिकाओं में होने वाला आम प्रकार का कैंसर है। ये बच्चों में होने वाले सभी प्रकार के कैंसर का लगभग 28% है। ल्यूकेमिया, हड्डियों और जोड़ों में दर्द, थकान, कमजोरी, त्वचा में पीलापन, रक्तस्राव या चोट की समस्या, अक्सर बुखार बने रहने, वजन घटने जैसे लक्षण पैदा कर सकता है।
ल्यूकेमिया शरीर में तेजी से बढ़ सकता है, इसलिए अक्यूट ल्यूकेमिया की स्थिति में तुरंत कीमोथेरेपी जैसे उपचार को प्रयोग में लाया जाता है।
मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर
ल्यूकेमिया के साथ बच्चों में जिस कैंसर का जोखिम अधिक देखा जाता रहा है, मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी में ट्यूमर होना उसमें आम है। ये बचपन में होने वाले कैंसर का लगभग 26% है। मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी के ट्यूमर कई प्रकार के होते हैं, इसकी गंभीर स्थिति जानलेवा दुष्प्रभावों वाली भी हो सकती है। बच्चों और वयस्कों दोनों में मस्तिष्क ट्यूमर की समस्या होना अधिक आम है।
ब्रेन ट्यूमर, मस्तिष्क के निचले हिस्से जैसे सेरिबैलम या ब्रेन स्टेम में शुरू होते हैं। इसके कारण सिरदर्द, मतली, उल्टी, धुंधली या दोहरी दृष्टि, चक्कर-दौरे पड़ने की समस्या अधिक देखी जाती रही है।
हड्डियों में भी हो सकता है कैंसर
हड्डियों में शुरू होने वाला कैंसर अधिकतर बच्चों और किशोरों में होता है। बचपन में होने वाले कैंसर के लगभग 3% मामले हड्डियों में होने वाले कैंसर के होते हैं।
ओस्टियोसारकोमा सबसे आम प्रकार का कैंसर है जो आमतौर पर उन क्षेत्रों में विकसित होता है जहां हड्डियां तेजी से बढ़ रही होती हैं जैसे पैर या बांह की हड्डियों का छोर। यह अक्सर हड्डियों में दर्द का कारण बनता है जो रात में अधिक हो सकती है। हड्डियों में कैंसर की समस्या होने के लक्षणों पर गंभीरता से ध्यान दिया जाना जरूरी है।
--------------
स्रोत और संदर्भ
Types of Cancer that Develop in Children
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।