शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आहार पर विशेष ध्यान दिए जाने की जरूरत होती है। विशेषज्ञ कहते हैं, हम जो कुछ भी खाते हैं उसका शरीर पर सीधा असर होता है। यही कारण है कि विशेषज्ञ सभी लोगों को रंग-बिरंगी सब्जियों से भरपूर आहार खाने की सलाह देते हैं। अक्सर हम सभी आहार की पौष्टिकता के लिए विटामिन्स-प्रोटीन का तो ध्यान रखते हैं पर कुछ आवश्यक पोषक तत्वों को लेकर लोगों के मन में अवैज्ञानिक धारणाएं बनी हुई हैं- कार्बोहाइड्रेट उनमें से एक है।
Carbohydrate: कार्बोहाइड्रेट शरीर के लिए फायदेमंद है या नुकसानदायक? कितनी मात्रा में इसकी जरूरत, जानिए सबकुछ
शरीर के लिए जरूरी मैक्रोन्यूट्रिएंट है कार्बोहाइड्रेट
आहार विशेषज्ञ मीनल ने सोशल मीडिया पोस्ट में जिक्र किया- शरीर को अच्छे से काम करने के लिए कार्ब्स की जरूरत होती है। शरीर को ऊर्जा प्रदान करने के लिए ये बहुत आवश्यक है।
कार्ब्स एक प्रकार का मैक्रोन्यूट्रिएंट है जो कई खाद्य और पेय पदार्थों में पाया जाता है। अधिकांश कार्ब्स प्राकृतिक रूप से पौधे पर आधारित खाद्य पदार्थों में पाए जाते हैं, जो सामान्यत: लाभकारी होते हैं। पर अगर आप प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों या ऐडेड शुगर से कार्ब्स ले रहे हैं तो इसके कई तरह के नुकसान हो सकते हैं।
रोजाना कितनी मात्रा में कार्बोहाइड्रेट की जरूरत?
अमेरिकी आहार गाइडलाइंस के मुताबिक आपको अपने दैनिक कैलोरी का 45%-65 प्रतिशत हिस्सा कार्बोहाइड्रेट से प्राप्त करना चाहिए। यदि आप प्रतिदिन 2,000 कैलोरी लेते हैं तो 900 से 1,300 कैलोरी कार्बोहाइड्रेट से लेनी चाहिए। इसका मतलब है प्रतिदिन 225-325 ग्राम कार्ब्स हमारी सेहत के लिए जरूरी है।
आइए कार्बोहाइड्रेट से होने वाले फायदे और इसके नुकसान के बारे में जानते हैं।
कार्बोहाइड्रेट और इससे होने वाले फायदे
कार्बोहाइड्रेट कई कारणों से आपके स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। कार्बोहाइड्रेट शरीर का मुख्य ईंधन स्रोत है, इसके मेटाबॉलिज्म प्रक्रियाओं से प्राप्त ग्लूकोज का उपयोग शरीर ऊर्जा के लिए करता है। कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि कार्बोहाइड्रेट वाली चीजों के साथ अगर आप फाइबर को आहार का हिस्सा बनाते हैं तो ये संतुलन आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है। शरीर को ऊर्जा देने के साथ पाचन और हृदय की सेहत को ठीक रखने में भी इससे लाभ पाया जा सकता है।
अधिक मात्रा में कार्बोहाइड्रेट के हो सकते हैं नुकसान
अगर आपके आहार में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक है तो इससे वजन बढ़ाने का खतरा हो सकता है। इसके अलावा चीनी या फिर प्रोसेस्ड-जंक फूड्स से प्राप्त कार्ब्स से मधुमेह, हृदय रोग और उच्च कोलेस्ट्रॉल का खतरा बढ़ जाता है।
आहार विशेषज्ञ कहते हैं शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रूप से संयमित मात्रा में कार्ब्स जरूरी है, पर हमेशा ध्यान रखा जाए कि दिनभर में अधिकतर कार्ब्स प्राकृतिक स्रोतों से ही लिए जाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।