डायबिटीज की समस्या वैश्विक स्तर पर बढ़ती जा रही है, सभी उम्र के लोग इसका शिकार देखे जा रहे हैं। ये बीमारी शरीर के लगभग सभी अंगों को प्रभावित करने वाली हो सकती है।
सेहत की बात: शुगर नॉर्मल है फिर भी हो सकता है डायबिटीज का खतरा, जान लीजिए ये जरूरी बातें
प्रीडायबिटीज में ब्लड शुगर सामान्य से ज्यादा होती है, लेकिन डायबिटीज के स्तर तक नहीं पहुंचती। HbA1c, फास्टिंग शुगर और ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट से इसकी पहचान होती है। सही खान-पान, वजन को नियंत्रित रखने और नियमित एक्सरसाइज से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा कम किया जा सकता है।
प्रीडायबिटीज की समस्या
प्रीडायबिटीज ऐसी स्थिति है, जिसमें शरीर में ब्लड शुगर सामान्य से ज्यादा होने लगती है, लेकिन अभी डायबिटीज की सीमा तक नहीं पहुंचती। इसका एक बड़ा कारण इंसुलिन रेजिस्टेंस है। इंसुलिन वह हार्मोन है, जो खून में मौजूद ग्लूकोज को शरीर की कोशिकाओं तक पहुंचाने में मदद करता है। जब कोशिकाएं इंसुलिन के प्रति ठीक से प्रतिक्रिया नहीं करतीं, तो खून में शुगर बढ़ने लगती है।
- जिनका वजन ज्यादा है, पेट पर चर्बी जमा है या फिर परिवार में डायबिटीज की हिस्ट्री रही है उनमें इसका खतरा अधिक हो सकता है।
- हाई बीपी और असामान्य कोलेस्ट्रॉल भी आपके जोखिमों को बढ़ा सकते हैं।
कैसे जानें इसका खतरा?
कहीं आपको प्री-डायबिटीज की दिक्कत तो नहीं है इसका पता लगाने के लिए कुछ टेस्ट मददगार हो सकते हैं।
- HbA1c टेस्ट की रिपोर्ट 5.7 से 6.4 प्रतिशत के बीच होना प्रीडायबिटीज का संकेत है। यह पिछले 2-3 महीने की औसत ब्लड शुगर बताता है।
- खाली पेट शुगर की रीडिंग 100-125 mg/dL होने पर प्रीडायबिटीज मानी जाती है।
- ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट में ग्लूकोज पीने के दो घंटे बाद शुगर 140-199 mg/dL होने पर प्रीडायबिटीज हो सकती है।
ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखने के लिए क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, ब्लड शुगर को कंट्रोल में रखने के लिए कुछ छोटे-छोटे उपाय काफी मददगार हो सकते हैं।
- सबसे पहले अपना वजन कंट्रोल में रखें। बढ़ता वजन सबसे बड़ा खतरा है।
- सप्ताह में कम से कम 150 मिनट तेज चलने जैसी गतिविधि करें।
- मीठे पेय, अधिक चीनी और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट कम करें।
- फाइबर वाली सब्जियां, दालें और साबुत अनाज खाएं।
- डॉक्टर की सलाह से नियमित शुगर जांच कराएं।
- प्रीडायबिटीज का पता चलने पर समय रहते जीवनशैली में बदलाव करके टाइप-2 डायबिटीज के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
