देशभर में इस समय गर्मियों की शुरुआत हो चुकी है। बढ़ते तापमान के साथ शरीर को इस मौसम में विशेष देखभाल की आवश्यकता होती है। तेज धूप और लू के कारण शरीर में मौजूद पानी की मात्रा तेजी से कम होने लगती है, ऐसे में शरीर को हाइड्रेटेड रखने को लेकर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की स्थिति में थकान, कमजोरी, चक्कर आने, बुखार जैसी कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इन दिक्कतों से बचे रहने और शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सभी लोगों को रोजाना कम से कम 3-4 लीटर तक पानी पीते रहने की सलाह दी जाती है।
आज का हेल्थ टिप्स: इस मौसम में शरीर के हाइड्रेशन का रखें विशेष ध्यान, इन चीजों का सेवन है फायदेमंद
पानी और पोषक तत्वों से भरपूर है खीरा
गर्मी के इस मौसम में शरीर के स्वस्थ और हाइड्रेटेड रखने के लिए खीरा को आहार में शामिल करना आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। खीरा में लगभग 90 फीसदी पानी की मात्रा होती है, साथ ही यह शरीर के लिए आवश्यक विटामिन-के, पोटेशियम और मैग्नीशियम की भी पूर्ति करने में मदद करता है। अन्य पानी से भरपूर सब्जियों की तुलना में, खीरे में सबसे कम कैलोरी होती है। आधा कप (52-ग्राम) खीरे में अनुमानित केवल 8 कैलोरी होती है। खीरा का सेवन करना वजन को नियंत्रित बनाए रखने के साथ शरीर के डिटॉक्स में भी मददगार हो सकता है।
गर्मियों में खाएं तरबूज
गर्मियों के मौसम में तरबूज लोगों की पहली पसंद होते हैं। तरबूज न सिर्फ स्वाद के लिहाज से बेहतर हैं साथ ही शरीर के हाइड्रेशन के लिए भी इसे आप खा सकते हैं। 1 कप (154-ग्राम) सर्विंग में आधा कप (118 मिली) से अधिक पानी होता है। इसके अलावा तरबूज में फाइबर, विटामिन-सी, विटामिन-ए और मैग्नीशियम सहित कई महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी मौजूद होते हैं। यह कैलोरी में भी काफी कम होता है, ऐसे में तरबूज का सेवन आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है।
छाछ है काफी सेहतमंद
बढ़ते तापमान में निर्जलीकरण की समस्या से बचाने के लिए छाछ पीना आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। छाछ एक उत्कृष्ट पेय है क्योंकि यह इलेक्ट्रोलाइट्स, विशेष रूप से पोटेशियम और पानी से भरपूर होता है। इसके एक पेय से 90 प्रतिशत से अधिक पानी प्राप्त किया जा सकता है। छाछ पीने से गर्मी के साइड इफेक्ट्स से मुकाबले और शरीर में पानी का संतुलन बनाए रखने में मदद मिल सकती है। छाछ सहित अन्य डेयरी उत्पाद विटामिन्स और प्रोटीन का भी अच्छा स्रोत माने जाते हैं।
---------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।