लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के कारण वजन बढ़ने की समस्या देखी जा रही है, और वजन बढ़ना गंभीर बीमारियों का प्रमुख जोखिम कारक माना जाता है। सामान्य से अधिक वजन की स्थिति डायबिटीज, हृदय रोग और मेटाबॉलिक विकारों के खतरे का कारण बन सकती है। यही वजह है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को वजन को कंट्रोल करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह देते हैं। कहीं आप भी अधिक वजन की समस्या के शिकार तो नहीं हैं?
Weight Loss: वजन घटाना अब मुश्किल काम नहीं, 30-30-30 रूल अपनाने से गायब होने लगेगा शरीर पर जमा फैट
"30-30-30 नियम" के लाभ
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, "30-30-30 नियम" वजन घटाने के लिए समग्र स्वास्थ्य को ठीक रखने और शरीर से अतिरिक्त फैट को कम करने वाले उपायों पर जोर देता है। इसमें जिन तीन आवश्यक घटकों पर जोर दिया जाता है वह है- व्यायाम, पोषण और माइंडफुलनेस। इस रूल की मदद से फैट को कम किया जा सकता है और फैट कम होने के साथ कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों का खतरा भी कम किया जा सकता है।
आइए जानते हैं कि 30-30-30 रूल में क्या करने की सलाह दी जाती है?
रोजाना 30 मिनट व्यायाम का बनाएं लक्ष्य
शरीर के संपूर्ण स्वास्थ्य को ठीक रखने में व्यायाम को सबसे लाभकारी तरीकों में से एक माना जाता है। व्यायाम, वजन घटाने में भी आपके लिए विशेष रूप से मददगार है। 30-30-30 रूल में सबसे पहले जोर दिन में कम से कम 30 मिनट व्यायाम करने पर दिया जाता है। ये न केवल कैलोरी बर्न करने में मदद करती है, साथ ही इससे शरीर की इंसुलिन संवेदनशीलता में भी सुधार होता है। मांसपेशियों को मजबूती देने, मेटाबॉलिज्म को बढ़ावा देने और हृदय संबंधी लाभ के लिए भी व्यायाम की आदत बनाना लाभकारी है।
भोजन में 30 ग्राम प्रोटीन जरूरी
वजन को कम करने के लिए जरूरी है कि आप स्वस्थ और पौष्टिक आहार का सेवन करें। संतुलित आहार का सेवन और प्रोसेस्ड जंक फूड्स से दूरी बनाना आपको बेहतर सेहत देने में लाभकारी है। आहार में हरी पत्तेदार सब्जियों, साबुत अनाज, मिलट्स और फलों की मात्रा को बढ़ाएं। भोजन में कम से कम 30 ग्राम प्रोटीन को प्राथमिकता दें, यानी दिन में आप जितनी कैलोरी का सेवन करते हैं उसका 30 प्रतिशत हिस्सा प्रोटीन के रूप में लें।
30 मिनट दें भोजन को
माइंडफुलनेस में विभिन्न अभ्यास शामिल होते हैं, जिनमें मेडिटेशन और तनाव कम करने की तकनीकें शामिल हैं। कम से कम 30 मिनट भोजन पर दें, इस दौरान सोशल मीडिया पर स्क्रॉल करना, ओटीटी पर अपनी पसंदीदा प्रोग्राम देखने या टीवी पर खबरें देखने को बिल्कुल न कहें। ये अनावश्यक रूप से अधिक खाने को बढ़ावा देती हैं। भोजन करते समय सिर्फ भोजन पर ही ध्यान दें। रोजाना मेडिटेशन को जीवन का हिस्सा बनाएं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।