Medically reviewed by-
सुबह के नाश्ते को स्वास्थ्य विशेषज्ञ दिन का सबसे महत्वपूर्ण भोजन मानते हैं। आहार विशेषज्ञ कहते हैं, स्वास्थ्य को बेहतर रखने के लिए सभी लोगों को सुबह के समय पौष्टिक और भरपेट नाश्ता करना चाहिए। रात के करीब 10-12 घंटे खाली पेट रहने के बाद शरीर को ऊर्जा के लिए पौष्टिक आहार की आवश्यकता होती है। इतना ही नहीं डॉक्टरों का यह भी मानना है कि वजन कम करने से लेकर डायबिटीज नियंत्रण तक, सभी लोगों को सुबह के समय पौष्टिक नाश्ता करने से लाभ मिल सकता है। हालांकि यहां यह महत्वपूर्ण हो जाता है कि दिन के सबसे पहले आहार में हम किन चीजों को शामिल कर रहे हैं?
पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि जो लोग सुबह के समय अच्छी मात्रा और पर्याप्त पोषकता वाला नाश्ता नहीं करते हैं, उन्हें दिनभर थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है। इसके अलावा ब्लड प्रेशर और डायबिटीज जैसे रोगियों को सुबह के नाश्ते को पौष्टिक रखने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। नाश्ते में फलों और तमाम पोषक तत्वों से भरपूर आहार को शामिल करना चाहिए, जिससे शरीर के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जरूरत को पूरा किया जा सके। आइए आगे की स्लाइडों में ऐसे ही एक आहार के बारे में जानते हैं, जिसे नाश्ते में शामिल करके आपको कई तरह से लाभ मिल सकता है।
विशेषज्ञों की सलाह: नाश्ते में शामिल कीजिए बस यह एक चीज, ब्लड-प्रेशर और वजन कम करने में बेहद कारगर
रामदाना खाने के फायदे
स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो सुबह के नाश्ते में ऐमारैंथ को सेवन करना आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। देश के कुछ हिस्सों में इसे राजगीरा या रामदाना के नाम से भी जाना जाता है। फाइबर और मैग्नीशियम से भरपूर यह अनाज सभी लोगों के लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। आहार विशेषज्ञ बताते हैं कि एक कप पके हुए रामदाना से मैग्नीशियम के दैनिक आवश्यकताओं की 38 फीसदी पूर्ति की जा सकती है। मैग्नीशियम शरीर के लिए बेहद आवश्यक पोषक तत्व है जो रक्त वाहिकाओं को आराम देता है, ऐसे में इसे हाई ब्लड-प्रेशर के रोगियों के लिए बेहद फायदेमंद माना जा सकता है।
फाइबर से भरपूर होता है रामदाना
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, ब्लड-प्रेशर को नियंत्रित करने के अलावा नाश्ते में रामदाना का सेवन करने से कई अन्य लाभ भी मिल सकते हैं। इसे पेट की समस्याओं के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। रामदाना में मौजूद फाइबर, मल त्याग की प्रक्रिया को आसान कर देता है जिससे पेट साफ रहता है और पेट में सूजन से राहत मिल सकती है। हृदय और डायबिटीज के रोगियों के लिए भी रामदाना का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।
नाश्ते में कई तरह से शामिल कर सकते हैं रामदाना
आहार विशेषज्ञ कहते हैं, नाश्ते में कई प्रकार से रामदाना को शामिल किया जा सकता है। दूध के साथ रामदाना का सेवन करने से आपको कैल्शियम की भी प्राप्ति हो जाती है। इसके अलावा जामुन और कद्दू के बीज या अलसी के साथ दलिया के रूप में भी इसका सेवन करना लाभदायक हो सकता है। यदि आप आहार में पोटेशियम की मात्रा बढ़ाना चाहते हैं तो रामदाना के दलिया के साथ केले का सेवन भी कर सकते हैं। रक्त वाहिकाओं को आराम देने में पोटेशियम की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है।
वजन कम करने के लिए बेहद फायदेमंद
रामदाना को वजन कम करने की इच्छा रखने वालों के लिए बेहद फायदेमंद आहार माना जा सकता है। प्रोटीन और फाइबर से भरपूर यह आहार वजन कम करने में सहायक हो सकता है। एक अध्ययन में वैज्ञानिकों ने पाया कि नाश्ते में हाई प्रोटीन आहार को शामिल करने से घ्रेलिन हार्मोन के स्तर को कम करने में मदद मिल सकती है, यह हार्मोन भूख को उत्तेजित करता है। चूंकि रामदाना में प्रोटीन की अच्छी मात्रा होती है, यही कारण है कि रामदाना का सेवन करने से वजन कम करने में विशेष मदद मिल सकती है।
--------------------
नोट: यह लेख आहार और पोषण विशेषज्ञ डॉ अर्चना सक्सेना के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। डॉ अर्चना, लखनऊ के एक अस्पताल में कार्यरत हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।