शरीर के बेहतर स्वास्थ्य को सुनिश्चित करने के लिए सभी लोगों को आहार में तमाम तरह के फलों को जरूर शामिल करने की सलाह दी जाती है। फलों में कई प्रकार के विटामिन्स, एंटीऑक्सिडेंट्स और पोषक तत्व पाए जाते हैं जो शरीर को गंभीर बीमारियों से बचाने और सेहत को दुरुस्त रखने में मददगार हो सकते हैं। अध्ययनों में कई फलों को सबसे घातक माने जाने वाले हृदय रोग और कैंसर जैसी बीमारियों में भी फायदेमंद पाया गया है। एवोकाडो ऐसा ही एक फल है जिसे वैज्ञानिक सेहत के लिए विशेष लाभप्रद मानते हैं। अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन जर्नल में प्रकाशित एक हालिया अध्ययन में शोधकर्ताओं ने इस फल को कई जानलेवा बीमारियों से सुरक्षा देने वाला बताया है।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन का दावा: एवोकाडो का सेवन इस जानलेवा बीमारी के जोखिम को कर देता कम, जानिए इस फल के लाभ
हृदय रोगों से बचा सकता है एवोकाडो
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के इस अध्ययन में पाया गया कि एवोकाडो का नियमित सेवन आपके लिए विशेष स्वास्थ्यवर्धक हो सकता है। अगर आप एक सप्ताह में कम से कम दो बार भी यह फल खाते हैं तो अन्य लोगों की तुलना में हृदय रोगों का खतरा कम हो सकता है।
अध्ययन में पाया गया कि एवोकाडो फल खाना आपको लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में सहायक है जिससे आपकी अतिरिक्त खाने की इच्छा कम हो जाती है। ऐसे में यह वजन को कंट्रोल करने में भी फायदेमंद हो सकता है।
अध्ययन में क्या पता चला?
30 वर्षों तक किए गए इस अध्ययन में 30-55 की आयु वाली 68,780 से अधिक महिला और 41,700 से अधिक पुरुष प्रतिभागियों को शामिल किया। सभी प्रतिभागी अमेरिकी निवासी थे और अध्ययन की शुरुआत में कैंसर, कोरोनरी हृदय रोग और स्ट्रोक जैसी समस्याओं से मुक्त थे।
30 साल के इस शोध में इन प्रतिभागियों में 9,185 कोरोनरी हार्ट डिजीज और 5,290 स्ट्रोक के मामले दर्ज किए गए। शोध के निष्कर्ष में विशेषज्ञों ने पाया कि जिन प्रतिभागियों में सप्ताह में दो बार भी एवोकाडो का सेवन किया उनमें कई तरह की हृदय से संबंधित समस्याओं का खतरा कम पाया गया।
क्या कहते हैं शोधकर्ता?
हार्वर्ड टीएच चेन स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ में प्रोफेसर और अध्ययन के प्रमुख लेखक, लोरेना एस पाचेको कहते हैं, हमारा अध्ययन इस बात का सबूत पेश करता है कि पौधे से प्राप्त असंतृप्त वसा का सेवन आहार की गुणवत्ता में सुधार करने के साथ हृदय रोगों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। एवोकाडो जैसे फल इसका बेहतर उदाहरण माने जा सकते हैं। पिछले 20 वर्षों में अमेरिका में एवोकाडो की खपत तेजी से बढ़ी है। सभी लोगों को इसे आहार में जरूर शामिल करना चाहिए।
पोषक तत्वों से भरपूर है एवोकाडो
अध्ययन के आधार पर शोधकर्ताओं का कहना है कि दुनियाभर में तेजी से बढ़ते हृदय रोग, हार्ट अटैक जैसे खतरे को कम करने के लिए सभी लोगों को निरंतर प्रयास करते रहने की आवश्यकता है। एवोकाडो में डाइट्री फाइबर, अनसेचुरेटेड फैट विशेष रूप से मोनोअनसैचुरेटेड फैट (स्वस्थ वसा) और अन्य अनुकूल घटक होते हैं जो हृदय स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में आपकी मदद कर सकते हैं। क्लिनिकल परीक्षणों मे पाया गया है कि एवोकाडो, हाई कोलेस्ट्रॉल सहित हृदय संबंधी जोखिम वाले कारकों को कम करने में भी सहायक है।
---------------
स्रोत और संदर्भ
Avocado Consumption and Risk of Cardiovascular Disease in US Adults
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।