आहार विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर को स्वस्थ रखना है तो सबसे जरूरी है कि आप आहार की पौष्टिकता का विशेष ध्यान रखें। जिस तरह की चीजों का हम सेवन करते हैं, ये सीधे तौर पर हमारी सेहत पर असर डालती है। शोध कहते हैं, अगर हम सभी आहार में नियमित रूप से मौसमी फलों-सब्जियों को शामिल कर लें तो इससे शरीर के लिए आवश्यक अधिकतर पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति की जा सकती है। सभी लोगों को नियमित रूप से कम से कम दो फलों का सेवन जरूर करना चाहिए।
Diet Tips: तो इस वजह से कहा जाता है- 'एन एप्पल ए डे, कीप्स डॉक्टर अवे', इस फल के हैं गजब के फायदे
सेब के हैं कई फायदे
सेब उन फलों में से एक है जिनमें कैलोरी की मात्रा काफी कम होती है। एक मध्यम आकार के सेब में केवल 60 कैलोरी होती है, जिसका मतलब है कि इसके सेवन से वजन बढ़ने या शुगर लेवल के बढ़ने का खतरा नहीं होता है। सेब के फल के अलावा जूस, साइडर और सेब की चटनी का भी सेवन किया जाता रहा है। आइए जानते हैं कि इसमें कौन-कौन से गुण होते हैं जो इस फल को सेहत के लिए काफी लाभकारी बनाते हैं?
एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर की मात्रा
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सेब एंटीऑक्सीडेंट का सबसे अच्छा स्रोत है, विशेष रूप से इसमें क्वेरसेटिन पाया जाता है जोकि इसके छिलके में मौजूद होता है। एंटीऑक्सीडेंट वाली चीजें शरीर में फ्री रेडिकल्स के कारण होने वाली समस्याओं को कम करके कई क्रोनिक बीमारियों से बचाने में मददगार हो सकती हैं। इसके अलावा सेब फाइबर का भी अच्छा स्रोत है, जो पाचन में सहायता करता है।
डायबिटीज रोगियों के लिए इस फल के लाभ
डायबिटीज में क्या खाएं-क्या नहीं, ये बड़ा प्रश्न रहा है। तमाम अध्ययन बताते हैं, डायबिटीज में सेब का सेवन करना सेहत के लिए लाभकारी प्रभावों वाला हो सकता है। सेब जैसे हाई फाइबर और लो शुगर वाले फल आपके ग्लूकोज के स्तर को स्थिर रखते हैं। 38,000 से अधिक लोगों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग रोजाना सेब खाते हैं, उनमें टाइप-2 डायबिटीज विकसित होने की आशंका उन लोगों की तुलना में 28% कम थी, जिन्होंने सेब नहीं खाया था।
ब्लड प्रेशर की समस्या में सेब के लाभ
डायबिटीज के साथ हाई ब्लड प्रेशर भी मौजादा समय के लिए बड़ा खतरा रहा है। सेब का सेवन इसमें भी आपके लिए लाभकारी है। ऑस्ट्रेलियाई अध्ययनों में पाया गया कि सेब खाने से रक्तचाप कम करने में मदद मिल सकती है। ब्लड प्रेशर कंट्रोल रहने से स्ट्रोक और दिल का दौरा पड़ने का खतरा कम हो सकता है। मतलब सेब का सेवन करके आप डायबिटीज और ब्लड प्रेशर दोनों को कंट्रोल कर सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।