किंग ऑफ स्पाइस नाम से प्रचलित काली मिर्च गर्म मसालों में प्रमुख है। काली मिर्च खाने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले गर्म मसालों का तो अहम हिस्सा है, साथ ही यह औषधीय गुणों से भी भरपूर होता है। काली मिर्च हमारे खाने का स्वाद ही नहीं बढ़ाती बल्कि कई बिमारियों जैसे त्वचा से जुड़ी समस्याओं से लेकर पेट से जुड़ी बिमारियों के इलाज में भी सहायक साबित होती है। काली मिर्च से जुड़े फायदे और गजब के नुस्खे आगे की स्लाइड में जानें।
सर्दी खांसी होने पर चाय बनाते समय आठ-दस काली मिर्च के साथ दस-पंद्रह तुलसी केे पत्तों को उसमें डालकर पीनें से आराम मिलता है। खांसी में आराम के लिए सौ ग्राम गुड़ पिघला कर उसमें बीस ग्राम काली मिर्च का पाउडर मिलाएं। थोड़ा ठंडा होने के बाद उसकी छोटी-छोटी गोलियां बना ले, दो-दो गोलियों का सेवन खाने के बाद करें खांसी से राहत मिलेगी। सूखी खांसी से आराम पाने के लिए दो चम्मच दही तथा एक चम्मच चीनी और छह ग्राम पीसी काली मिर्च को चाटने से राहत मिलेगी। जुकाम के कारण बनने वाले कफ से आराम पाने के लिए एक चम्मच शहद में दो-तीन पिसी हुई काली मिर्च में एक चुटकी भर हल्दी मिलाकर खाने से राहत मिलती है।
दस ग्राम सोंठ, काली मिर्च पिसी इलायची और मिश्री को पीस कर चूर्ण बना लें। इसमें बीज निकले हुये मुनक्का और तुलसी के दस पत्ते पीसकर डालें और सही तरह से मिला लें। इस मिश्रण की गोलियां बनाकर सुखा लें। इसे नाक में एलर्जी होने पर सुबह शाम दो-दो गोलियां गर्म पानी के साथ लें। नाक से बहता खून बंद करने के लिए पिसी काली मिर्च पुराने गुड़ के साथ खाएं। बैठे गले को ठीक करने के लिए सात काली मिर्च और सात बताशे रात को सोने से पहले चबाकर खाएं। अगर बुखार है तो तुलसी, काली मिर्च और गिलेय का काढ़ा पीना फायदेमंद होता है।
फेफड़े तथा सांस नली में संक्रमण होने पर काली मिर्च और पुदीने की चाय पीएं। इसके अलावा पिसी काली मिर्च, घी और मिश्री बराबर मात्रा में मिलाएं। इसे सुबह शाम एक-एक चम्मच लें। काली मिर्च और काला नमक दही में मिलाकर खानें सेे पाचन संबंधी समस्या दूर होती है। छाछ में काली मिर्च का चूर्ण मिलाकर पीनें से पेट के कीटाणु मरते है और पेट की बिमारियां दूर होती है। एक कप पानी में आधा नींबू का रस,आधा चम्मच पिसी काली मिर्च और आधा चम्मच काला नमक मिलाकर पीने से पेट में होने वाली गैस की समस्या से निजात मिलता है।
बवासीर के रोग में आराम पाने के लिए बीस ग्राम काली मिर्च, दस ग्राम जीरा और पंद्रह ग्राम शक्कर या मिश्री पीस कर मिश्रण बना लें। इसे सुबह शाम पानी के साथ फांक लें। काली मिर्च आंखों के लिए बेहद उपयोगी होता है। भुने आटे में देसी घी,काली मिर्च और चीनी मिलाकर मिश्रण बनाएं। सुबह शाम पांच चम्मच मिश्रण का सेवन करें। दांतो के पायरिया से निजात पाने के लिए काली मिर्च को नमक के साथ मिलाकर मंजन करना चाहिए। इससे दांतो में चमक और मजबूती बढ़ती है।