क्या आपको भी अक्सर दांतों में दर्द होते रहता है? कहीं आपका आहार बहुत ज्यादा अम्लीय तो नहीं है? शोधकर्ताओं का कहना है कि यदि हम ज्यादा अम्लीय चीजों का सेवन करते हैं तो इसके कई प्रकार के दुष्प्रभाव हो सकते हैं और इसका सबसे ज्यादा असर दांतों पर देखा जाता है। हाई एसिडिक खाद्य और पेय पदार्थ, हमारे दांतों की रक्षा करने वाले इनेमल को क्षति पहुंचाते हैं, इसके कारण दांतों का क्षरण होने लगता है। यह आपके दांतों की बनावट को बदल सकता है जिससे बैक्टीरिया संक्रमण का खतरा अधिक हो जाता है।
Alert: हेल्दी समझकर खा रहे हैं ये एसिडिक फूड्स? बन सकती है दांत खराब होने की वजह
हाई एसिडिक खाद्य और पेय पदार्थ, हमारे दांतों की रक्षा करने वाले इनेमल को क्षति पहुंचाते हैं, इसके कारण दांतों का क्षरण होने लगता है। यह आपके दांतों की बनावट को बदल सकता है जिससे बैक्टीरिया संक्रमण का खतरा अधिक हो जाता है।
कौन से फल सबसे ज्यादा अम्लीय होते हैं?
किसी भोजन में अम्लीय सामग्री को उसके पीएच मान के अनुसार मापा जाता है। संयुक्त राज्य पर्यावरण संरक्षण एजेंसी (EPA) के अनुसार, 7 से ऊपर के pH वाले खाद्य पदार्थों को क्षारीय माना जाता है, जबकि 7 से नीचे वाले अम्लीय होते हैं। पीएच जितना कम होगा, अम्लता का स्तर उतना ही अधिक होगा। क्लेम्सन यूनिवर्सिटी के मुताबिक फलों के पीएच वैल्यु को जानिए।
- नींबू का रस (2.00 – 2.60)
- अंगूर (2.90 - 3.82)
- अनार (2.93 - 3.20)
- ब्लूबेरी (3.11 - 3.33)
- अनानास (3.20 - 4.00)
फलों के अलावा हार्ड शुगर कैंडीज, कॉफी, खट्टे फल और सोडा से भी एसिड के कारण कई प्रकार के नुकसान हो सकते हैं।
दांतों की समस्याओं का बन सकते हैं कारण
दांतों का इनेमल वैसे तो काफी मजबूत होता है, पर कई फलों में उच्च एसिडिक सामग्री के कारण यह समय के साथ इनेमल को कमजोर कर सकती है। दांतों में इसकी पहचान यह है कि दांतों का सॉफ्ट क्षेत्र खुरदुरा होने लगता है और ये अधिक गर्म और यहां तक कि मीठे खाद्य पदार्थों के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं।
एकेडमी ऑफ जनरल डेंटिस्ट्री (एजीडी) के अनुसार, लार में कैल्शियम इनेमल को मजबूत करने में मदद कर सकता है, लेकिन जब आपके मुंह में वातावरण बहुत अधिक अम्लीय होता है, तो इससे दांतों को क्षति हो सकती है।
फिर दांतों को स्वस्थ रखने के लिए क्या करें?
अम्लीयता के डर से आपको फल खाना छोड़ने की जरूरत नहीं है। अपनी विटामिन-सी की आवश्यकता को बनाए रखते हुए दांतों को स्वस्थ रखने के लिए यहां कुछ सरल उपाय दिए गए हैं।
- नींबू या किसी भी अत्यधिक अम्लीय फल को चूसें नहीं।
- फलों का जूस पीते समय स्ट्रॉ का इस्तेमाल करें। यह इसे आपके दांतों के सीधे संपर्क में आने से रोकता है।
- खट्टे फल खाने के बाद पानी से कुल्ला करें।
- फ्लोराइड युक्त टूथपेस्ट का प्रयोग करें जो इनेमल को मजबूत रखने में मदद करती है।
इन एसिडिक चीजों से करें बचाव
उच्च एसिड पेय पदार्थ जैसे कोक, ज्यादा खट्टे फलों का रस, ज्यादा नींबू पानी, एनर्जी ड्रिंक या अन्य उच्च अम्लीय पेय पदार्थ दांतों के क्षय का कारण बन सकते हैं, इससे बचाव करें। कैचप या सिरका, अधिक चीनी और टमाटर में भी अम्लीय तत्व हो सकते हैं। अल्कोहल से बचाव करें, इससे शरीर को अन्य प्रकार के नुकसान भी हो सकते हैं। किसी भी खाद्य पदार्थ को लेने से पहले उसकी एसिडिक वैल्यू को चेक करके ही लें।
------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।