भारतीय रेल का इतिहास 170 वर्ष पुराना है और पर्यटकों को आज भी एक अनोखी ट्रेन काफी आकर्षित करती है। जहां एक ओर भारतीय रेलवे कई शाही ट्रेनों और आज भी चलने वाले भाप के इंजनों के जरिए दुनिया भर का ध्यान अपनी ओर खींचता है। वहीं दूसरी कुछ परंपरागत ट्रेनों का संचालन भी भारतीय रेल को दुनियाभर के रेल नेटवर्क से अलग करता है। भारतीय रेल की कुछ ऐसी ही खास तस्वीर राजस्थान में नजर आती हैं। यहां एक ऐसी झील है जिसमें भारतीय रेलवे और राजस्थान सरकार के साझा उपक्रम के तहत एक ट्रेन चलती है।
आज भी यहां चलती है कई दशक पुरानी ट्रेन
जिस ट्रेन की हम बात कर रहे है वह जयपुर से करीब 90 किलोमीटर दूर सांभर लेक में आज भी चलती है। सांभर लेक से भारत में उपयोग होने वाले नमक का करीब नौ फीसदी हिस्सा निकलता है। देश की कई नामी कपंनियों इस लेक से नमक निकालने की काम करती है। लेकिन सबसे खास बात यह है कि सांभर लेक में अब पानी ही नहीं है। लेकिन इस क्षेत्र से अब भी नमक निकाला जा रहा है।
इसमें नहीं होते आम यात्री
भारत की यह अनूठी ट्रेन सुबह सांभर स्टेशन से रवाना होती है। लेकिन इस ट्रेन में सवार आम यात्री नहीं होते। इस ट्रेन में वे वर्कर होते हैं, जो लेक में नमक निकालने का कार्य करते हैं। नागौर, अजमेर और जयपुर में फैली इस झील से नमक ढोने वाली इस ट्रेन में सभी डिब्बे लकड़ी के बने हैं, जो यहां आने वाले पर्यटकों को खासा आकर्षित करते है।
बॉलीवुड का भी है आकर्षण
जानकारी के अनुसार नमक ढोने वाली इस ट्रेन में पेट्रोल इंजन लगा हुआ। यह इंजन कई दशकों पुराना है। भारत की यह अनूठी सॉल्ट ट्रेन आम पर्यटकों के अतिरिक्त बॉलीवुड का ध्यान भी खींचती है। इसी का परिणाम है कि यह ट्रेन से जुड़ी कई बातें और सांभर लेक में बिछा मीटर गेज ट्रेक कई फिल्मों में नजर आता है। सांभर लेक में अब तक पीके, गुलाल, द्रोण, जोधा-अकबर सहित कई फिल्मों की शूटिंग हो चुकी है।
ऋतिक रोशन भी करेंगे शूटिंग
वहीं सांभर लेक में 18 फरवरी से ऋतिक रोशन भी अगले वर्ष रिलीज होने वाली अपनी फिल्म सुपर 30 की शूटिंग करेंगे। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी ऋतिक रोशन जोधा-अकबर के लिए यहां शूटिंग कर चुके है। सुपर 30 फिल्म में ऋतिक के अब तक दिखे लुक को खासा पसंद किया जा रहा है। माना जा रहा है कि सांभर लेक में ऋतिक शूटिंग के दौरान किसी नए लुक में नजर आ सकते हैं।