देश में महिला सशक्तिकरण की दिशा में रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाते हुए पूर्ण रूप से महिलाओं को एक पूरा रेलवे स्टेशन समर्पित किया है। इस रेलवे स्टेशन को संचालित करने का अब पूरा जिम्मा महिला कर्मचारियों पर ही होगा जिन्होनें आज से ही इसकी बागडोर भी संभाल ली है।
देश का पहला महिला संचालित रेलवे स्टेशन
ये है जयपुर का गांधीनगर रेलवे स्टेशन जिसे उत्तर पश्चिम रेलवे, जयपुर मंडल द्वारा सम्पूर्ण रूप से महिला संचालित स्टेशन बनाया है। राजस्थान की राजधानी जयपुर का यह महत्वपूर्ण स्टेशन जयपुर-दिल्ली रेल मार्ग पर स्थित है। इससे लगभग 50 ट्रेनें रोज गुजरती है, जिनमें से 25 ट्रेनों का यहां ठहराव है।
स्टेशन मास्टर से लेकर पॉइंटमैन तक सब जगह महिलाएं
3 of 5
female station master
- फोटो : Amar Ujala
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी तरुण जैन ने बताया कि इस स्टेशन पर स्टेशन मास्टर से लेकर पाॅइन्ट्समैन तक में महिला कर्मचारी को पदस्थ किया गया है। स्टेशन मास्टर के पद पर नीलम जाटव के साथ सरोज धाकड़, गीता देवी एवं एंजेला स्टेला को लगाया गया है। उषा माथुर को मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक तथा मीना शर्मा, सुशीला मीना, संतोष सैनी और नीलम शर्मा को उनका सहायक नियुक्त किया गया है। वहीं पॉइन्टसमैन मधु शर्मा, सरोज कंवर, सुगनी देवी तथा गेटमैन में ललिता तंवर, रेखा व संतरा मीना को लगाया गया है।
यात्रियों की सुरक्षा भी महिलाओं के जिम्मे
इस स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी महिलाओं के जिम्मे ही रहेगी। अन्य स्टाफ में यहां कविता चतुर्वेदी को पूछताछ सह आरक्षण लिपिक में लगाया गया है। टिकिट चैकिंग में विद्या देवी तथा महिमा दत्त, वन्दना शर्मा व अपूर्वा वार्ष्णेय तथा टिकट बुकिंग विभाग में भारती, रेणु भवनानी व मंजू चौहान को पदस्थ किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल में कविता (निरीक्षक), अनीता रावत, ललिता लखेरा, सरोज, रीना कुमारी, कविता कुमारी, कंचन तथा मनिद्रा कौर को गांधीनगर स्टेशन पर तैनात किया गया है।
7000 यात्रियों का प्रतिदिन भार रहता है यहां
जैन ने बताया कि जयपुर शहर के पूर्वी क्षेत्रों जैसे-मालवीय नगर, जगतपुरा, बजाज नगर, टोंक रोड़, जवाहर लाल नेहरू मार्ग इत्यादि से लगभग 7000 यात्री प्रतिदिन गांधीनगर स्टेशन से आवाजाही करते है। उन्होनें बताया कि गांधीनगर स्टेशन के आस-पास अनेक काॅलेज तथा कोचिंग सेंटर स्थापित होने के कारण विद्यार्थियों तथा महिलाओं की यहां से यात्री संख्या काफी मात्रा में है।