समाजवादी पार्टी के नामित सभासद डॉ. जाहिद की शुक्रवार शाम बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसे लेकर मवाना में बवाल हो गया। गुस्साए लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिये भेजा। इससे भड़की भीड़ ने एक सिनेमा हॉल को आग के हवाले करते हुये पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात बेकाबू होने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अफसरों ने पीएसी और आरएएफ तैनात कर दी। देर रात तक लोगों का हंगामा जारी था।
जमीन विवाद के निपटारे के लिये बुलाकर हत्या
मवाना कस्बा मिल रोड निवासी डॉ. जाहिद (42) पुत्र मौलाना राशिद सपा के नामित सभासद थे। शाम करीब पांच बजे उनके मोबाइल पर कॉल आई। फोन करने वाले ने उन्हें मवाना स्थित भैंसा रोड कब्रिस्तान के पास एक जमीन विवाद के निपटारे के लिये बुलाया। इस पर वह बाइक से मौके के लिये निकल पड़े। पुलिस के मुताबिक, भैंसा रोड पर बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने डॉ. जाहिद पर गोलियां बरसा दीं। इसमें दो गोलियां उनके कनपटी पर लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसकी जानकारी लगते ही मवाना के लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई। गुस्साए लोग शव को उठाकर मवाना रोड स्थित बस स्टैंड के पास ले आए और जाम लगा दिया। इसकी जानकारी पर एसएसपी डीसी दूबे और एसपी देहात डॉ. प्रवीण रंजन फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
शव उठाते ही भड़की भीड़
पुलिस को देखकर लोगों में आक्रोश बढ़ गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजने की बात कही, लेकिन लोग नहीं माने। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर जबरन शव सड़क से उठाकर पोस्टमार्टम स्थल भेजा। इससे गुस्साए लोग वाहनों में तोड़फोड़ करते हुए कपिल सिनेमा हॉल में घुस गए। लोगों ने सिनेमा हॉल और वहां खडे़ वाहनों में आग लगा दी। आगजनी होते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने भी जवाब में पथराव किया। फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। एसएसपी डीसी दूबे का कहना है कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पीएसी और आरएएफ भी तैनात
मवाना में हालात बेकाबू होने पर पुलिस फोर्स के अलावा पीएसी और आरएएफ भी तैनात कर दी गई है। देर रात तक लोगों का विरोध जारी रहा। इस मामले की गूंज लखनऊ तक पहुंच गई। पुलिस का कहना है कि जाहिद प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। हत्या में प्रॉपर्टी का मामला सामने आ रहा है। हालांकि, जांच के बाद ही हत्या की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।