इंडिया ब्लू ने जीता दलीप ट्रॉफी का खिताब
मैच के हर क्षेत्र में अपना दम दिखाकर इंडिया ब्लू टीम दलीप ट्राफी कप की हकदार बन गई। फाइनल मैच के पांचवें और अंतिम दिन बुधवार को टीम ने 161 रन पर इंडिया रेड की दूसरी पारी को समेट दिया ओर 355 रनों से मैच और सीरीज अपने नाम कर ली।
चौथी पारी में इंडिया रेड की बल्लेबाजी को रविंद्र जडेजा ने अपनी फिरकी से धराशायी कर दिया। फाइनल में मैन ऑफ द मैच चेतेश्वर पुजारा रहे।
ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम में खेली गई डे-नाइट दलीप ट्राफी सीरीज में अपने तीनों मुकाबलों में इंडिया ब्लू के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। दूसरी तरफ फाइनल मुकाबले में स्टुअर्ट बिन्नी और कुलदीप यादव को छोड़कर इंडिया रेड टीम के खिलाड़ी कुछ खास जलवा नहीं दिखा पाए।
चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक इंडिया ब्लू की दूसरी पारी में तीन विकेट में 139 रन के स्कोर पर रोहित शर्मा 22 और रविंद्र जडेजा तीन रनों के साथ क्रीज पर थे। अगले दिन इंडिया ब्लू टीम ने मात्र 40 रन और जोड़े और पांच विकेट के नुकसान पर 179 बनाकर पारी घोषित कर दी और इंडिया रेड को 517 रन का लक्ष्य दिया। इस दौरान रोहित शर्मा 32 और केवी शर्मा 12 रन पर थे। गेंदबाज कुलदीप यादव ने तीन विकेट और अमित मिश्रा ने एक विकेट लिए।
रोहित और धवन के साथ युवराज भी रहे नाकाम
इंडिया रेड की टीम की शुरुआत तब खराब रही जब उनके सलामी बल्लेबाज अभिनव मुकुंद सात रन के कुल योग पर चोट लगने से रिटायर हर्ट होकर मैदान से बाहर हो गए। शिखर धवन का साथ देने आए सुदीप चटर्जी 14 रन पर जडेजा का पहला शिकार बने। इस समय टीम का स्कोर 43 रन था।
अगले ओवर में परवेज रसूल ने शिखर धवन को गंभीर के हाथों स्लिप पर कैच लपकवाकर मैदान से चलता किया। थोड़ी मशक्कत के बाद टीम जब 95 रन पर थी। इस समय युवराज सिंह (21) को जडेजा ने पंकज सिंह के हाथों लपकवाकर टीम को करारा झटका दिया। इसके बाद विकेटों की झड़ी लग गई।
बिन्नी को जडेजा ने शून्य पर पगबाधा आउट कर दिया। इसके बाद गुरुकीरत सिंह को 39 रन पर केवी शर्मा ने शिकार बनाया। इसके बाद अमित मिश्रा, बैंस, सांगवान और नाथू सिंह को आउट कर इंडिया ब्लू टीम ने इंडिया रेड टीम को 161 के स्कोर पर आल आउट कर सीरीज कब्जा ली। कुलदीप यादव 24 के स्कोर पर नाबाद रहे।