गुरुवार की सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने दिल्ली समेत पूरे एनसीआर का हाल बेहाल कर दिया है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और जब ये बरसे तो खूब बरसे। इस मूसलाधार बारिश से गाजियाबाद, नोएडा और दिल्ली के कई इलाकों में सड़कों पर लबालब पानी भर गया, जिससे लंबा जाम भी लग गया।
भारी बारिश की वजह से ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में दो मंजिला इमारत अचानक जमींदोज हो गई। हालांकि इस दुर्घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। वहीं, गाजियाबाद के वसुंधरा में भी कुछ ऐसा ही हाल है। यहां भी सड़क के पास की जमीन अचानक धंस गई। ऐहतियातन आसपास के 60 फ्लैट्स को खाली करा दिया गया है ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग में सुबह 8.30 बजे तक 4.6 मि.मी. जबकि पालम में 9.3 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। वहीं, पूरी दिल्ली की बात करें तो सुबह 8.30 बजे तक 8 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। राजधानी में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
बारिश की वजह से दिल्ली के जगतपुरी, सराय काले खां, निजामुद्दीन, बदरपुर, आश्रम, मायापुरी चौक, द्वारका मोड़, मिंटो रोड, गीता कॉलोनी और पुश्ता रोड पर भारी जलजमाव हो गया है।
अभी हाल ही में निर्मित गाजियाबाद का राज नगर एक्सटेंशन एलिवेटेड रोड पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। नोएडा के सेक्टर-18, सेक्टर-119 में भी सड़कों पर जलभराव देखने को मिल रहा है।