अमर उजाला फाउंडेशन ने शुक्रवार 10 जून को 25 से अधिक शहरों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लखनऊ में खुद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शिविर का उद्घाटन किया और अमर उजाला फाउंडेशन का धन्यवाद भी किया।
वैशाली सेक्टर-1 में रक्तदान शिविर
अमर उजाला फाउंडेशन के महादान अभियान के तहत शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से वैशाली सेक्टर-1 स्थित क्लाउड-9 में रक्तदान शिविर लगा। इसमें 51 लोगों ने रक्तदान किया। शिविर में महिलाओं ने भी आगे बढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदान के लिए मुजफ्फरनगर और गुड़गांव से भी लोग शिविर में पहुंचे।
एक यूनिट रक्तदान, बचा सकता है चार की जान।
बहादुरगढ़। एक यूनिट रक्तदान, बचा सकता है चार की जान। इसी बात को ध्यान रखते हुए अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को बहादुरगढ़ में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शहर के लोगों ने भी दूसरों का जीवन बचाने के लिए उत्साह के साथ स्वेच्छा से रक्तदान किया और स्वस्थ भारत निर्माण की मुहिम में योगदान दिया। इस दौरान 50 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया
लोगों में गजब का उत्साह दिखा
गाजियाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन के ‘महादान अभियान’ के पहले चरण में ही लोगों में गजब का उत्साह दिखा। सबसे अधिक जोश युवाओं में रहा। अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त शिविर में बारिश होने के बावजूद दूर- दराज से लोग परिवार सहित रक्तदान करने पहुंचे। पहले शिविर में 47 यूनिट ब्लड एकत्र हुआ। रक्तदान करने वालों को ब्लड बैंक और अमर उजाला की तरफ से प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
हर छह महीने के बाद रक्तदान की शपथ
चंडीगढ़। अग्रवाल सभा मनीमाजरा और अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार 10 जून को विश्वकर्मा मंदिर में आयोजित प्रथम रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान 163 लोगों ने रक्तदान किया। उत्साह इतना ज्यादा था कि कैंप शुरू होने से पहले ही रक्तदानी पहुंचने लगे थे। कैंप में कुछ लोग पहली बार रक्तदान करने आए थे। उन्होंने शपथ ली कि वे हर छह महीने के बाद रक्तदान जरूर करेंगे।