हरियाणा के अंबाला में हत्या वाली शाम को भी हरीश अपने परिवार के साथ हंसी खुशी घर पर था। पत्नी रसोई में खाना बना रही थी और हरीश अपने बच्चों को खिलौनों से खिला रहा था। तभी रात को करीब 10 बजे आरोपी भूषण के सिर पर खून सवार हो गया और उसने परिवार के छह लोगों की हत्या कर दी। सोमवार की दोपहर को घर का ऐसा मंजर था कि देखने वालों की आंखें खुली की खुली रह गईं।
रिश्तों का कत्ल: बिस्तर पर खिलौने, रसोई में जला दूध व तवे पर रोटी बयां कर रही छह हत्याओं की भयावहता
बाहर बरामदे में बच्चों के जले हुए कपड़े व मास के चीथड़े पड़े हुए थे। रसोई के दरवाजे पर भी पड़ा खून वारदात की भयावहता बयां कर रहा था। कयास लगाए जा रहे हैं कि शोर सुनने के बाद जैसे ही छोटे भाई की पत्नी सोनिया रसोई से बाहर आई होगी तो उसकी गर्दन पर कुल्हाड़ी या गंडासी से वार कर दिया होगा।
पशु भी बरामदे में भूखे प्यासे बंधे थे। रिश्तेदार भी घर में भीतर जाने से कतरा रहे थे। बाहर जो शटरिंग वाली बल्लियों का ढेर लगा हुआ था, उसमें से कुछ अधजली थी। उसमें भी मांस के चीथड़े लगे हुए थे। बताया जाता है कि करीब छह माह पहले ही मकान बनाने का काम शुरू किया गया था। पैसे कम होने पर बिना खिड़की, दरवाजों व बिना प्लस्तर की दीवारों के ही चार कमरों व एक रसोई में जीवन यापन कर रहे थे।
एक ही चिता पर मां-बेटे और पोते-पोतियों का अंतिम संस्कार
अंबाला। नारायणगढ़ के रतोर गांव में बड़े बेटे द्वारा परिवार के छह लोगों की हत्या ने ग्रामीणों और रिश्तेदारों को झकझोर कर रख दिया है। छोटे भाई के साथ ही उसकी पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद आरोपी ने मां को भी मार डाला। वहीं पिता जख्मी हालत में उपचाराधीन है। ऐसे में रिश्तेदारों और ग्रामीणों में दिन भर शवों के अंतिम संस्कार को लेकर चरचा चलती रही। इसके बाद सोमवार की रात आठ बजे के करीब सभी छह शवों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। यह चिता भी हरीश की जमीन में तैयार की गई थी। सुबह से मुखाग्नि देने को लेकर रिश्तेदारों में चर्चा चलती रही। आखिर में मृतका के मौसेरे भाई जीवन ने मुखाग्नि दी। उसने बताया कि उसने ही हरीश के साथ सोनिया की शादी करवाई थी।
वीडियोग्राफी में हुआ मृतकों का पोस्टमार्टम, एक्सपर्ट बोले - सभी के गले रेते
छावनी नागरिक अस्पताल में मृतकों का पोस्टमार्टम पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टरों के पैनल से करवाया। पुलिस ने पूरे पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी भी करवाई। पैनल में शामिल डॉक्टरों का कहना था कि सभी का गला रेता हुआ था। साथ ही शव झुलसे हुए थे।