गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था अभेद होगी। मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर आधुनिक असलहों से लैस पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। सभी बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर ड्यूटी करेंगे। अब मंदिर के प्रवेश द्वार पर ही वाहन और सामानों की चेकिंग होगी, इसके बाद ही किसी को प्रवेश मिल सकेगा। उधर, सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए नया प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसमें कमांडो की भी ड्यूटी शामिल की गई है।
Gorakhnath Mandir Attack: बुलेट प्रूफ जैकेट पहन पुलिस कर्मी संभालेंगे गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा, नया प्लान हो रहा तैयार
वैसे तो नया प्रस्ताव अभी तैयार किया जा रहा है, लेकिन पूर्व में तैयार प्रस्ताव के महत्वपूर्ण फैसलों को इसका हिस्सा बनाया जाएगा। एडीजी अखिल कुमार और डीआईजी जे. रविंद्र ने कुछ नए सुझाव एसएसपी को दिए हैं। वहीं, प्रस्ताव की मंजूरी से पहले ही एसएसपी ने अपने स्तर से सुरक्षा को सख्त कर दिया है। सभी प्रवेश द्वारों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाने के साथ ही असलहों से लैस होकर ड्यूटी करने का निर्देश दिया है।
पांच और वाच टावर बनेंगे
मंदिर परिसर में नौ वॉच टावर हैं। इनकी संख्या बढ़ाकर 14 की जानी है। टावर पर तैनात पुलिसकर्मियों को अत्याधुनिक असलहों से लैस किया जाएगा। अभी परिसर व उसके आसपास 100 सीसी टीवी कैमरे लगे हैं। इनकी संख्या बढ़ाई जाएगी। माना जा रहा है कि परिसर के कई कोने ऐसे हैं जो कैमरे की जद में पूरी तरह से नहीं आते हैं।
नए प्रस्ताव में इन बिंदुओं पर रहेगा जोर
- फायर स्टेशन यूनिट स्थापित की जाएगी।
- बम निरोधक दस्ता स्थायी तौर पर 24 घंटे रहे, इसके लिए उसकी एक यूनिट होगी।
- वर्तमान में एक प्लाटून पीएसी बल है, उसकी संख्या बढ़ाई जाएगी।
- हर गेट पर स्कैनर लगाया जाएगा, जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
- पुलिस और अन्य सुरक्षाकर्मियों के रहने के लिए बैरक बनाए जाएंगे।
- खाली कराए जा रहे मकानों में मेस और बैरक बनाने की योजना।
- चारों तरफ की बाउंड्री ऊंची होगी और उस पर कटीले तार लगाए जाएंगे।
- सुरक्षा की मानीटरिंग के लिए कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।
एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा कि गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगा दी गई है। मुख्य द्वार समेत प्रवेश द्वारों पर आधुनिक असलहों से लैस पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। सभी बुलेट प्रूफ जैकेट पहनकर ड्यूटी करेंगे। साथ ही बैरीकेडिंग भी बढ़ाई जा रही है। मंदिर के अंदर प्रवेश करने से पहले पुलिस जांच करेगी फिर प्रवेश दिया जाएगा। पुलिसकर्मियों को जांच मशीनें व बुलेट प्रूफ जैकेट उपलब्ध करा दी गई हैं।