प्रियंका द्विवेदी
लेगिंग्स को आप शर्ट, टॉप और कुर्ती के साथ पहन सकती हैं और ऑफिस से लेकर पार्टी तक हर जगह कैरी कर सकती हैं लेकिन भारतीय परिधान हो या वेस्टर्न ड्रेस, सभी कपड़ों के हिसाब से फुटवियर भी महत्वपूर्ण होते हैं। फुटवियर भी ऐसे हों, जो ज्यादातर कपड़ों के साथ जंचें-फबें। इसलिए यह समझना जरूरी है कि लेगिंग्स, पैंट या किसी भी परिधान के साथ किस तरह के फुटवियर पहने जाएं, जिससे आपका लुक परफेक्ट लगे।
Trendy Footwear: अगर दिखना है स्टाइलिश तो कपड़ों के हिसाब से करें फुटवियर का चयन
यह समझना जरूरी है कि लेगिंग्स, पैंट या किसी भी परिधान के साथ किस तरह के फुटवियर पहने जाएं, जिससे आपका लुक परफेक्ट लगे।
फ्लैट सैंडल
अगर आपको कभी समझ न आए कि आप कौन-से फुटवियर को अपनी लेगिंग्स या पैंट के साथ पहनें, तो आप फ्लैट सैंडल का चुनाव कर सकती हैं। इसमें भी कई अलग-अलग डिजाइन आते हैं। किसी भी तरह की फ्लैट सैंडल, लेगिंग्स और पैंट के साथ खूबसूरत लगती है। अगर पैंट या लेगिंग्स छोटी है तो आप डोरी वाली सैंडल भी पहन सकती हैं। फ्लैट सैंडल इसलिए भी अच्छी रहती है, क्योंकि यह हर तरह के कपड़ों के साथ अच्छी लगती है। इसको आप किसी भी रंग में ले सकती हैं।
स्टिलेटोस
यह सिर्फ वेस्टर्न ड्रेस के साथ ही नहीं, बल्कि सभी तरह के कपड़ों के साथ खूब खिलती है। स्टिलेटोस को एथनिक के साथ और चाहें तो साड़ी के साथ भी पहन सकती हैं।
वेजेस
वेजेस को किसी भी मौसम में रोज इस्तेमाल होने वाले कपड़ों के साथ या सूट अथवा पैंट के साथ पहना जा सकता है।
स्नीकर्स
आपको अपनी पसंद की लेगिंग्स को किसी वेस्टर्न ड्रेस के साथ मिला कर पहनना है, जैसे कि लॉन्ग शर्ट, लॉन्ग टॉप या टी-शर्ट टॉप के साथ, तो स्नीकर्स का उपयोग कर सकती हैं। ये आपके लुक को परफेक्ट बनाते हैं और कई रंगों में मिलते हैं। आपको जो कलर पसंद हो, आप उसी तरह के स्नीकर्स खरीद सकती हैं।
अगर आप वर्कआउट या सुबह की वॉक के लिए फुटवियर तलाश रही हैं तो भी स्नीकर्स ही सबसे बेहतर हैं। घूमने-फिरने के लिए ये बहुत आरामदायक होते हैं। आप इनको कितनी भी देर तक पहनें, पैरों में दर्द नहीं होगा।