{"_id":"6af7f708ed4318d91404c5e0","slug":"hybrid-beauty-products-benefits-uses-and-tips-for-a-natural-makeup-look-2026-11-14","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"हाइब्रिड ब्यूटी ट्रेंड: फाउंडेशन, मॉइश्चराइजर और सनस्क्रीन का झंझट खत्म! जानिए खूबसूरती का नया स्मार्ट तरीका","category":{"title":"Fashion","title_hn":"फैशन","slug":"fashion"}}
हाइब्रिड ब्यूटी ट्रेंड: फाउंडेशन, मॉइश्चराइजर और सनस्क्रीन का झंझट खत्म! जानिए खूबसूरती का नया स्मार्ट तरीका
Sat, 14 Nov 2026 11:30 AM IST
शिवानी अवस्थी
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
लाइफस्टाइल डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिवानी अवस्थी
Updated Sat, 14 Nov 2026 11:30 AM IST
सार
What Is Hybrid Makeup? ‘हाइब्रिड ब्यूटी’ मेकअप और स्किन केयर का ऐसा मेल है, जिसमें एक ही प्रोडक्ट दो तरह से काम करता है, यानी इससे त्वचा को खूबसूरत दिखाने के साथ-साथ उसकी देखभाल भी की जा सकती है।
विज्ञापन
हाइब्रिड मेकअप क्या है
- फोटो : Ai
विस्तार
Hybrid Beauty Trend: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सुबह की शुरुआत से लेकर दिन भर की जिम्मेदारियों के बीच खुद के लिए कुछ पल निकालना आसान नहीं होता। ऐसे में स्किन केयर और मेकअप के लिए अलग-अलग समय निकालना कई बार मुश्किल हो जाता है। लेकिन क्या हो अगर आपका मेकअप ही त्वचा की देखभाल भी करने लगे? जी हां, खूबसूरती और स्किन केयर का यही स्मार्ट कॉम्बिनेशन है- हाइब्रिड ब्यूटी ट्रेंड। इसमें ऐसे प्रोडक्ट्स शामिल हैं, जो चेहरे को आकर्षक लुक देने के साथ त्वचा को नमी और पोषण भी देते हैं। कम स्टेप्स में खूबसूरत दिखने का यह तरीका आजकल खासा पसंद किया जा रहा है।
विज्ञापन
क्या है यह 'हाइब्रिड ब्यूटी ट्रेंड'
‘हाइब्रिड ब्यूटी’ मेकअप और स्किन केयर का ऐसा मेल है, जिसमें एक ही प्रोडक्ट दो तरह से काम करता है, यानी इससे त्वचा को खूबसूरत दिखाने के साथ-साथ उसकी देखभाल भी की जा सकती है। उदाहरण के लिए, सीरम युक्त फाउंडेशन चेहरे को कवरेज देने के साथ नमी बनाए रखने में मदद करता है।
विज्ञापन
इसी तरह टिंटेड मॉइश्चराइजर त्वचा को हाइड्रेट करने के साथ हल्की कवरेज देता है। एसपीएफ युक्त मॉइश्चराइजर धूप से बचाव में मदद करता है, जबकि पीएच-रिएक्टिव लिपस्टिक होंठों के प्राकृतिक पीएच के अनुसार अलग शेड देता है। इसका मुख्य उद्देश्य मेकअप के कई स्टेप्स को कम करना है।
विज्ञापन
कम स्टेप्स में मिलता है खूबसूरत लुक
इसके लिए सबसे पहले फेस वॉश से चेहरा साफ करें और हल्का मॉइश्चराइजर लगाएं। इसके बाद सीरम युक्त फाउंडेशन की थोड़ी मात्रा माथे, गालों और ठोड़ी पर लगाकर गीले स्पंज से ब्लेंड करें। नेचुरल लुक के लिए लेयर हल्की ही रखें।
इसके बाद जरूरत अनुसार, ब्लश, कंसीलर और अन्य मेकअप लगाएं। अंत में साफ और सूखे होंठों पर पीएच-रिएक्टिव लिपस्टिक लगाएं। अगर एसपीएफ वाला मॉइश्चराइजर इस्तेमाल कर रही हैं, तो पर्याप्त मात्रा में ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन भी लगाएं।
ऐसे तैयार करें अपना हाइब्रिड ब्यूटी लुक
ऊपर वाले स्टेप्स को करने के बाद जरूरत के अनुसार स्किन केयर इंग्रीडिएंट्स वाला कंसीलर और क्रीम ब्लश लगाएं। आंखों को आकर्षक बनाने के लिए पेप्टाइड या केराटिन युक्त मस्कारा चुन सकती हैं। आखिर में पीएच-रिएक्टिव लिपस्टिक या विटामिन ई युक्त टिंटेड लिप बाम लगाकर अपना लुक पूरा करें। ध्यान रखें कि प्रोडक्ट्स की परत हल्की रखें, ताकि चेहरा नेचुरल नजर आए।
किन बातों का रखें ध्यान
हाइब्रिड ब्यूटी ट्रेंड अपनाते समय केवल प्रोडक्ट के आकर्षक दावों पर ध्यान न दें, बल्कि अपनी त्वचा की जरूरतों को भी समझें। ऑयली और मुंहासों वाली त्वचा के लिए नॉन-कॉमेडोजेनिक प्रोडक्ट्स बेहतर विकल्प हो सकते हैं। वहीं संवेदनशील त्वचा के लिए खुशबू रहित और सौम्य फॉर्मूला चुनें।
नए प्रोडक्ट को चेहरे पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। एक साथ कई नए प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से बचें, ताकि किसी तरह की प्रतिक्रिया होने पर उसकी वजह समझना आसान रहे। साथ ही मेकअप ब्रश और स्पंज की नियमित सफाई करें और अपने ब्यूटी प्रोडक्ट्स दूसरों के साथ साझा न करें।
विशेषज्ञ की राय : जरूरी है सनस्क्रीन
कनिका गौरव टंडन (मेकअप आर्टिस्ट) बताती हैं कि हाइब्रिड प्रोडक्ट्स स्किन केयर और मेकअप दोनों में मददगार होते हैं, लेकिन इन्हें पूरी तरह स्किन केयर का विकल्प न समझें। मेकअप में मौजूद एसपीएफ धूप से पर्याप्त सुरक्षा नहीं देता, क्योंकि फाउंडेशन कम मात्रा में लगाया जाता है। इसलिए मेकअप से पहले अलग से सनस्क्रीन जरूर लगाएं। एक्जिमा, मुंहासों या संवेदनशील त्वचा वाली महिलाएं प्रोडक्ट चुनने से पहले विशेषज्ञ की सलाह लें।
