डिजिटल फिल्म 'एक्सट्रैक्शन' में हॉलीवुड सुपरस्टार क्रिस हेम्सवर्थ के साथ हाथापाई करते नजर आ चुके शानदार अभिनेता रणदीप हुड्डा जल्द ही एक वेब सीरीज में एक कड़क पुलिस अफसर के रूप में नजर आएंगे। नीरज पाठक के निर्देशन में बनने वाली इस वेब सीरीज का शीर्षक 'इंस्पेक्टर अविनाश' होगा जो उत्तर प्रदेश के मशहूर पुलिस अफसर अविनाश मिश्रा की जिंदगी में घटी सत्य घटनाओं पर आधारित होगी।
मोबाइल पर आ रहा है इंस्पेक्टर अविनाश, ‘एक्स्ट्रैक्शन’ के बाद रणदीप हुड्डा की इस थ्रिलर की तैयारी
जानकारी के मुताबिक वेब सीरीज की पृष्ठभूमि भी उत्तर प्रदेश की ही बनने वाली है। एक पुलिस वाले के अवतार में रणदीप राज्य में आपराधिक मामलों की जांच करते हुए और अपराधियों के अपनी मारधाड़ से छक्के छुड़ाते हुए नजर आएंगे। इस वेब सीरीज की शूटिंग दिसंबर से शुरू होने वाली है।
इस वेब सीरीज के बारे में जानकारी देते हुए रणदीप हुड्डा कहते हैं, 'मैं अपने हर नए किरदार के साथ कुछ नई चुनौतियां स्वीकारने के लिए हमेशा तैयार रहता हूं। और इंस्पेक्टर अविनाश मुझे एक बेहतरीन मौका दे रहा है। इससे मैं कुछ और बेहतर कर पाऊंगा। एक पुलिस वाले की जिंदगी में घटने वाली असली घटनाओं को मैं अपने लिए बहुत प्रेरक और इस किरदार को बहुत रुचि पर समझता हूं। मुझे भरोसा है कि नीरज इस शो में अपना काम बेहतर तरीके से करेंगे। मेरे लिए तो इस थ्रिलर ड्रामा सीरीज में काम शुरू करने के लिए इंतजार करना भी मुश्किल है।'
'इंस्पेक्टर अविनाश' का निर्देशन करने वाले नीरज पाठक ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं कि इस प्रोजेक्ट को फिल्माने के लिए जियो स्टूडियोज ने मुझ पर भरोसा दिखाया। रणदीप हुड्डा इस किरदार को निभाने के लिए सबसे बेहतर विकल्प थे। क्योंकि, यह किरदार एक चर्चित पुलिस वाले का है। वह इस किरदार में अपनी तरफ से भी बहुत कुछ जोड़ सकते हैं। हम बहुत खुश हैं कि उन्होंने इस किरदार को निभाने के लिए हां कही और अब वह इस सीरीज में मुख्य भूमिका निभाएंगे। इसकी शूटिंग हम दिसंबर से शुरू करने वाले हैं।'
रणदीप हुड्डा ने कुछ ही दिन पहले अपनी एक फिल्म 'अनफेयर एंड लवली' की शूटिंग खत्म की है। यह फिल्म हरियाणा की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसकी कहानी एक सांवली रंग की महिला पर आधारित है जिसे समाज में रंगभेद का शिकार होना पड़ता है। इस महिला का किरदार फिल्म में अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज निभा रही हैं। यह फिल्म समाज में फैले रंगभेद पर ही तंज कसेगी। इसके अलावा रणदीप ने सलमान खान के साथ फिल्म 'राधे- योर मोस्ट वांटेड भाई' में भी काम किया है।
पढ़ें: आंध्र प्रदेश की सरकार ने एस पी बालासुब्रमण्यम को दिया खास सम्मान, लिया ये फैसला