अंगूरी भाभी को काम से फुर्सत नहीं है। जिस गोवा में लोग छुट्टियां मनाने जाते हैं, फुर्सत के पल बिताते हैं, वहां भी भीभी जी काम करने ही गई हैं। हलांकि, इसी बीच वक्त निकालकर वह थोड़ा सैर-सपाटा भी कर रही हैं। अपने इस गोवा ट्रिप की तस्वीरें भी उन्होंने शेयर की हैं।
दरअसल, टीवी के मशहूर सिटकॉम 'भाबी जी घर पर हैं' का पूरा कारवां कानपुर की गलियों से निकल कर गोवा जा पहुंचा है। यहां शो के एक सीक्वेंस की शूटिंग चल रही है। काम से फुर्सत मिलते ही एक्टर्स यहां की खूबसूरत वादियों के दीदार करने जा रहे हैं।
शो में अनीता भाभी का किरदार निभा रहीं सौम्या टंडन और अंगूरी भाभी का रोल कर रहीं शुभांगी अत्रे ने इस ट्रिप की कई तस्वीरें शेयर की हैं। गौरतलब है कि इन तस्वीरों में वे अकेली नजर आ रही हैं। टीम का कोई और सदस्य नहीं दिख रहा।
अपनी इस ट्रिप के बारे में एक्ट्रेस शुभांगी अत्रे यानी 'अंगूरी भाभी' ने कहा, 'हम गोवा में सीरियल की शूटिंग कर रहे हैं और मुझे वाकई बहुत मजा आ रहा है। गोवा मेरी पसंदीदा जगहों में से एक है। यहां ज्यादातर लोग छुट्टी मनाने आते हैं। मैं भाग्यशाली हूं कि यहां काम के सिलसिले में आई हूं।'
शुभांगी अत्रे ने कहा, 'मुझे यह जानकर बहुत खुशी हुई कि यहां के लोगों के साथ साथ पर्यटक भी मुझे पहचान रहे हैं। यह शूटिंग शेड्यूल मेरे लिए यादगार है।' शो के मेकर्स ने बताया कि शो की कहानी में नया ट्रैक जोड़ने और इसे और भी मजेदार बनाने के लिए गोवा में शूटिंग प्लान की गई। उनका मानना है कि यहां की खूबसूरती और साफ-सफाई इसे एक इंटरनेशनल डेस्टिनेशन बनाती है। यहां शूटिंग कर वह अपने दर्शकों को सरप्राइज देना चाहते हैं।