भारतीय टेलीविजन के इतिहास में पहली बार टीवी पर एक ऐसा मुकाबला होने जा रहा है जिसमें हिस्सा लेने वाले प्रतियोगी न तो जीतेंगे और न ही हारेंगे। बस सब मिलकर सीखेंगे। गायिकी पर आधारित इस शो का शीर्षक है 'तारे जमीन पर' और इस में भाग लेने वाले प्रतियोगियों को संगीत सिखाने का काम करेंगे जाने-माने गायक शंकर महादेवन, जोनिता गांधी और टोनी कक्कड़। संगीत के इन अध्यापकों ने भी साफ कर दिया है कि न तो किसी भी प्रतियोगी पर और न ही उनके माता-पिता पर कोई दबाव होगा। सब अपनी प्रस्तुति देंगे और खुद से मुकाबला करेंगे।
2 of 7
तारे जमीन पर
- फोटो : अमर उजाला, मुंबई
शो की विचारधारा के बारे में शंकर महादेवन ने अपने बयान में कहा है कि दूसरे रियलिटी शो में अक्सर होता है कि उसमें प्रतियोगी होते हैं और वह एक दूसरे से मुकाबला करते हैं। शंकर का कहना है, 'हमारे इस शो में न तो कोई प्रतियोगी है और न ही उसे किसी से मुकाबला करना है। वह अपने दिल से अपनी प्रस्तुति देगा और उसकी अच्छाइयों और बुराइयों को कम करने और बढ़ाने का काम मैं, टोनी और जोनिता करेंगे। किसी पर जीतने और हारने का कोई दबाव नहीं होगा। शुरुआत 20 प्रतियोगियों से होगी और अंत तक वह 20 के 20 प्रतियोगी साथ बने रहेंगे।'
3 of 7
शंकर महादेवन
- फोटो : instagram/shankarmadevanFan
शंकर महादेवन के इस शो का हिस्सा होने का सबसे बड़ा फायदा यह है कि वह इस शो में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतियोगियों को अपनी एकेडमी के अंतर्गत तीन साल की स्कॉलरशिप देंगे। वहां यह बच्चे अपनी प्रतिभा को और भी अच्छे ढंग से निखार पाएंगे। इसके निर्माताओं ने शो के लॉन्च के लिए बृहस्पतिवार को ऑनलाइन एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जिसमें शो के मेंटॉर शंकर, टोनी और जोनिता के अलावा अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी उत्साहवर्धन के लिए मौजूद रहीं।
4 of 7
शिल्पा शेट्टी
- फोटो : instagram/theshilpashetty
शिल्पा भी अब एक मां हैं। बच्चों के लालन-पालन और इस शो के बारे में शिल्पा ने अपना विचार व्यक्त करते हुए कहा, 'हम बच्चों को जन्म दे देते हैं तो हम सोचते हैं कि हमारा बच्चों पर अधिकार है। अधिकार बेशक है लेकिन हम उनकी सोच पर अपना हक नहीं जमा सकते। हम सोचते हैं कि हमारा बच्चा वही करे जो हम चाहते हैं। जबकि, आजकल ऐसा नहीं है। बच्चों को अपनी सोची हुई चीज करने का हक है और उन्हें ऐसा ही करना चाहिए। और, माता-पिता को उनकी सोच पर गर्व करना चाहिए। साथ ही उनका साथ भी देना चाहिए। ताकि, बच्चे हंसी खुशी अपने मन का काम कर सकें।'
5 of 7
टोनी कक्कड़
- फोटो : instagram/tonykakkar
शो में मेंटॉर की भूमिका निभाने वाले टोनी कक्कड़ किसी भी कलाकार के लिए एक मेंटॉर का होना बहुत जरूरी समझते हैं। उन्होंने अपना मेंटॉर अपनी बहनों सोनू कक्कड़ और नेहा कक्कड़ को बताया। टोनी ने कहा, 'दीदी (सोनू कक्कड़) ने मुझे संगीत सिखाया वहीं नेहा ने मुझे सिखाया कि उस संगीत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश कैसे किया जाए? मेरी जिंदगी में संगीत को लाने का श्रेय इन दोनों को ही जाता है। मेरा भी मानना यही है कि एक अच्छा संगीत हिट तभी हो सकता है जब उसमें कुछ कमर्शियल मूल्यों को जोड़ा जाए।'