मशहूर निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर के टीवी सीरियल 'रामायण' को लेकर अभिनेता सुनील लहरी अब तक कई रोचक किस्से बता चुके हैं। इस सीरियल में उन्होंने लक्ष्मण का किरदार निभाया था जिसको दर्शकों ने खूब पसंद किया था। वह सोशल मीडिया के जरिए 'रामायण' सीरियल से जुड़े कई किस्से साझा करते रहते हैं। इस बार उन्होंने मेघनाद से युद्ध को लेकर दिलचस्प किस्सा बताया है।
मेघनाद से युद्ध के दौरान लक्ष्मण बने सुनील लहरी को हो गया था इनफेक्शन, अभिनेता ने बताया कैसे हुआ था पूरा सीन शूट
सुनील लहरी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है। इस वीडियो में उन्होंने मेघनाद युद्ध के बारे में बताया है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि उस सीन को शूट करने के बाद उनके शरीर पर इनफेक्शन हो गया था। जिसके बाद उन्हें लोशन लगाना पड़ा था। इस सीन को शूट करने के दौरान सुनील लहरी ने अपने कॉस्टयूम की विग भी खराब कर दी थी।
सुनील लहरी ने वीडियो में कहा, 'पिछले एपिसोड में आपने लक्ष्मण और मेघनाद का युद्ध देखा होगा। इसमें मेघनाद बार-बार गायब हो जाते हैं और लक्ष्मण उन्हें ढूंढ-ढूंढ कर बाण मारते हैं। इस सीन में लक्ष्मण को कई बार चारों तरफ घूमना पड़ा था जो कि सामान्य रूप से संभव नहीं था तो इसके लिए एक राउंड ट्रॉली मंगाई गई जिस पर मुझे खड़ा करके घुमाया गया था।'
Ramayan 51 shooting Ke Piche ki Kuch Ankahi chatpati baten pic.twitter.com/i2W94LyGLb
वीडियो में सुनील लहरी आगे कहते हैं, 'शक्ति का जो शॉट था वह पूरी तरह स्पेशल इफेक्ट था जिसे टेबल पर किया गया था। उस समय तक इतनी तकनीक आ गई थी जिससे हमारे लिए यह सीन करना आसान हो गया था। शक्ति लगने के बाद जब लक्ष्मण जमीन पर गिरते हैं तो मैंने बहुत कोशिश की थी कि विग रेत में खराब नहीं हो लेकिन मैं नहीं बचा सका। विग खराब हो गया जिसके बाद उसे मेकअप आर्टिस्ट को देना पड़ा वह उसे साफ करके लाया जिसमें वक्त लगा।'
अपनी बात को पूरा करते हुए सुनील लहरी ने कहा, 'हनुमान ने जब मुझे जमीन से पूरा उठाया था उन्होंने सच में उठाया था। जब मैं राम की गोद में बेहोश हालत में लेटे हुए था तो उस वक्त पता नहीं अचानक क्या हुआ कि मेरे पूरे शरीर पर लाल-लाल रैशेज हो गए और खुजली होने लगी।' सुनील ने बताया कि शायद यह रेत का रिएक्शन रहा होगा, जो रेत में खुले बदन होने के चलते शायद हो गया था।' सोशल मीडिया पर सुनील लहरी का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
पढ़ें: भाई अर्जुन कपूर के जन्मदिन पर भावुक हुईं अंशुला, कहा- 'आप मेरे माता-पिता, दोस्त और जिंदगी हो'