बिग बॉस 13 के विजेता सिद्धार्थ शुक्ला के अचानक निधन की खबर ने हर किसी को सदमे में डाल दिया है। महज 40 साल की उम्र में दिल का दौरा पड़ने का कारण सिद्धार्थ शुक्ला का निधन हो गया। सिद्धार्थ की मौत ने इंडस्ट्री को तगड़ा झटका दिया है। उनके यूं चले जाने से फैंस इतने दुखी हैं तो उनके परिवार के कष्ट का तो कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता। सिद्धार्थ शुक्ला के तो वैसे कई करीबी दोस्त थे लेकिन पंजाब की कटरीना कैफ कही जाने वाली सना यानि शहनाज गिल उनके बहुत ज्यादा करीब थीं।
Sidharth Shukla: टूट गई सिडनाज की जोड़ी, कभी शहनाज संग उड़ी थी सिद्धार्थ की शादी की अफवाह
सिद्धार्थ और शहनाज की इसे खट्टे-मिठे नोंक झोंक से भरी दोस्ती को कई बार प्यार का नाम दिया गया था। फैंस तो उन्हें प्यार से सिडनाज बुलाते थे।शहनाज अक्सर शो में खुलकर कहा करती थीं कि वो प्यार की भूखी हैं और चाहती हैं कि सिद्धार्थ उनके पास रहें। यहां तक कि जब सलमान ने खुलकर शहनाज से पूछा था कि क्या वो और सिद्धार्थ गर्लफ्रेंड ब्वॉयफ्रेंड हैं तो उन्होंने कहा था-'नहीं, लेकिन हम दोनों के बीच कुछ तो है जिस पर सिद्धार्थ ने भी हामी भरी थी'।
शो से निकलने के बाद भी सिद्धार्थ और शहनाज की जोड़ी बहुत पसंद की जाती थी और दोनों की दोस्ती बरकरार रही थी। जब उनकी दोस्ती को एक साल पूरा हुआ था तो ट्वीटर पर दोनों ने ही दिल खोलकर एक दूसरे पर प्यार लुटाया था। 29 सितंबर 2020 को शहनाज ने एक फ्लाइंग किस वाला वीडियो साझा किया था जिसके कैप्शन में लिखा था,'बधाई हो सिद्धार्थ शुक्ला तुम्हारे इस फिल्टर के लिए। इस फिल्टर को इस्तेमाल करें जैसे मैंने किया है'।
फैंस को इनकी जोड़ी इस कदर पसंद आ गई थी वो इनकी शादी के बारे में भी बातें करने लगे थे। यहां तक कि सोशल मीडिया पर एक तस्वीर भी वायरल हुई थी जिसमें सना के माथे पर सिंदूर दिख रहा था। इस तस्वीर के वायरल होने पर फैंस को लगने लगा था कि दोनों ने गुपचुप शादी कर ली है। हालांकि बाद में पता चला कि ये तस्वीर फोटोशॉप्ड थी और ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था। अब सिद्धार्थ के चले जाने से सिडनाज की जोड़ी टूट गई।
सिद्धार्थ शुक्ला की बिग बॉस में शहनाज और आरती संग सबसे अच्छी दोस्ती थी। वहीं आसिम रियाज संग अक्सर उनके झगड़े हो जाते थे। एक दो बार सिद्धार्थ और शहनाज का भी झगड़ा हुआ था। हालांकि झगड़ा चाहे कितना भी बड़ा क्यों ना हो दोनों की दोस्ती हो जाती थी। सिद्धार्थ की वजह से शो को जबरदस्त टीआरपी मिली थी।