छोटे पर्दे यानी टेलीविजन पर सभी वर्गों का पसंदीदा शो सीआईडी तो दर्शकों को याद होगा। इस शो की जान कहलाने वाले एसीपी प्रद्युमन को भला कौन भूल सकता है। आज उनका जन्म जन्मदिन है। 21 अप्रैल 1950 में जन्में शिवाजी साटम 70 साल के हो गए हैं। इस मौके पर अभिनेता के फैंस उन्हें बधाई व शुभकामनाएं दे रहे हैं।
शिवाजी साटम: सात फिल्मों में निभाया पुलिसमैन का किरदार, भारतीय टीवी का सबसे लंबा शो था ‘सीआईडी’
शिवाजी साटम को हाल ही में कोरोना वैक्सीन लगवाते हुए देखा गया था। इसकी जानकारी उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम के जरिए दी थी। इसके साथ ही उन्होंने फैंस से भी वैक्सीन लगवाने के लिए कहा था। इसके प्रति लोगों को प्रेरित करने के लिए उन्होंने एक नोट लिखा था।
शिवाजी साटम का अभिनय करियर मनोरंजन जगत में काफी लंबा रहा है। उन्होंने 'वास्तव', 'गुलाम-ए-मुस्तफा', 'सूर्यवंशम', 'नायक' जैसी 35 से अधिक हिंदी फिल्मों में भी काम किया। इसके अलावा वह मराठी और अंग्रेजी फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। 'एक शून्य शून्य' सीरियल में शिवाजी साटम एसीपी श्रीकांत पाटकर की भूमिका निभाते नजर आए थे।
शिवाजी साटम ने पहली बार 1980 में रिश्ते-नाते नाम के एक लोकप्रिय धारावाहिक से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद इन्हें ‘फेमस ट्रायल्स ऑफ इंडिया’ में भी देखा गया था। इसके बाद इन्होंने एक सफल मराठी धारावाहिक ‘एक शून्य शून्य' में भी काम किया। फिर उनके लिए अन्य किरदारों का रास्ता खुलता गया और वे कई धारावाहिकों और फिल्मों में दिखाई देने लगे।
कई फिल्मों में अभिनय करने के बावजूद शिवाजी साटम को लोकप्रियता सीआईडी धारावाहिक ने दिलाई। एसीपी प्रद्युम्न के किरदार में वे लोगों के जहन में हमेशा के लिए उतर गए। वह सीआईडी में 1997 से काम कर रहे हैं और अपने इस किरदार के कारण कई सारे पुरस्कार भी जीत चुके हैं। 2013 में इन्होंने इंडस्ट्री में बचा समय फिल्मों में काम करके गुजारने का फैसला किया था। लेकिन लोगों की मांग को देखते हुए सीआईडी में एसीपी प्रद्युम्न के किरदार में लौट आए थे।