नए शुरू हुए टीवी चैनल डिस्कवरी जीत पर शुरू हुए राम कपूर के कॉमेडी शो 'कॉमेडी हाई स्कूल' में अभिनेता सलमान खान पहले मेहमान के तौर पर शामिल हुए। इस दौरान मंच पर उन्होंने कई डायलॉग और शायरी से लबरेज बातें कर दर्शकों का समां बांध दिया। शो के एक्सपीरियंस के बारे में सलमान खान ने टि्वटर पर भी पोस्ट लिखी।
गौरतलब है कि राम कपूर के कॉमेडी शो कॉमेडी हाई स्कूल का बीते शनिवार को डिस्कवरी जीत चैनल पर प्रीमियर एपिसोड प्रसारित हुआ। शो में राम कपूर और सलमान की गजब की केमिस्ट्री देखने को मिली। शो में समाज, संस्कृति, शिक्षा और मौजूदा विषयों पर हल्की-फुल्की कॉमेडी दिखाई जाएगी, इसमें कई दिग्गज सितारे दिखाई देंगे।
शो के दौरान सलमान खान ने काफी चुटकुले सुनाए और फिल्मों के डायलॉग सुनाए। वांटेड फिल्म के डायलॉग एक बार जो मैंने कमिटमेंट कर दिया, फिर मैं अपने आप की भी नहीं सुनता' को सलमान ने जब शायरी के अंदाज में दोहराया..'लेडीज स्वेटर बुनती है, लेकिन जेंट्स क्यों नहीं बुनते' तालियों से सारा हॉल गूंज उठा।
वहीं, राम कपूर ने भी सलमान खान और उनके दोनों भाइयों अरबाज और सोहेल के साथ बिताए पुराने पलों को साझा किया। शो के बाद सलमान खान ने टि्वटर पर लिखा कि उन्हें ऐसे ही शो पसंद हैं, जिसमें अनावश्यक टीका-टिप्पणी नहीं की गई हो। 'कॉमेडी हाई स्कूल' की शूटिंग के दौरान अच्छा समय बीता। यकीनन शो दिलचस्प है।
गौरतलब है कि कपिल शर्मा के कॉमेडी शो के ठप्प होने के बाद एक और नया कॉमेडी शो 'कॉमेडी हाई स्कूल' इन दिनों चर्चा में है। खबर है कि इस शो में एक दिन दिखने के लिए सलमान खान ने चार करोड़ रुपये की फीस ली है। फिलहाल सलमान फिल्म रेस 3 की शूटिंग में बिजी हैं। इस शो में राम कपूर प्रिंसिपल का किरदार अदा करेंगे।