'बिग बॉस 16' की सबसे चर्चित और लोकप्रिय कंटेस्टेंट रही प्रियंका चाहर चौधरी इन दिनों लगातार चर्चाओं में हैं। एमसी स्टैन के विजेता बनने के बावजूद सोशल मीडिया पर प्रियंका चौधरी को शो की असली विनर बताया जा रहा है। तभी से अभिनेत्री आए दिन सुर्खियों में बनी रहती हैं। प्रियंका हर रोज कोई न कोई प्रोजेक्ट साइन कर रही हैं। खबरें आ रही हैं कि अभिनेत्री जल्द ही रोहित शेट्टी द्वारा होस्ट किए जाने वाले स्टंट बोस्ड रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी 13' में नजर आने वाली हैं। चलिए जानते हैं कि प्रियंका का इस बारे में क्या कहना है..
Priyanka In KKK 13: क्या प्रियंका बन पाएंगी खतरों की खिलाड़ी? 13वें सीजन में स्टंट को लेकर कह दी बड़ी बात
'बिग बॉस 16' की फाइनलिस्ट प्रियंका चाहर चौधरी ने हाल ही में एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में अपने अपकमिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर कई खुलासे किए। इस साक्षात्कार में अभिनेत्री ने 'खतरों के खिलाड़ी 13' को लेकर मीडिया में चल रही खबरों पर मुहर लगा दी है। दरअसल, प्रियंका ने खुलासा किया है कि उन्हें 'खतरों के खिलाड़ी 13' का ऑफर मिला है, लेकिन अभी भी वह इसके बारे में सोच रही हैं। अभिनेत्री संशय में हैं कि उन्हें यह ऑफर लेना चाहिए या नहीं क्योंकि वह डर रही हैं। जहां एक तरफ इस शो में सभी तरह के खतरों का सामना करना पड़ता है, वहीं प्रियंका ने बताया कि उन्हें बहुत सी चीजों से डर लगता है।
जहां प्रियंका अभी 'खतरों के खिलाड़ी' में आने को लेकर संशय में हैं, वहीं उनके फैंस अभिनेत्री को स्टंट करते और एक बार फिर स्क्रीन पर जादू चलाते देखना चाहते हैं। इसके अलावा अपने आगामी प्रोजेक्ट्स के बारे में बात करते हुए, प्रियंका चाहर चौधरी ने खुलासा किया कि जल्द ही अंकित गुप्ता के साथ उनका एक प्यारा सा गाना रिलीज होने वाला है। दोनों को पहली बार कलर्स के सीरियल 'उडारियां' में साथ काम करते देखा गया था, जिसके बाद बिग बॉस में अंकित और प्रियंका की कैमिस्ट्री ने लोगों का दिल जीत लिया।
बीते दिन प्रियंका अंकित के साथ अपने इस गाने का पोस्टर सोशल मीडिया पर साझा किया था। 'कुछ कुछ हसीन' नामक गाने का पोस्टर साझा करते हुए प्रियंका ने लिखा था कि, 'कुछ इतने हसीन के साथ गर्मियों में रोमांस का मजा आएगा।' आपको बता दें, दोनों कलाकार हाल ही में इस गाने की शूटिंग करने के लिए चंडीगढ़ गए थे। इसके साथ ही रिपोर्ट्स थीं कि प्रियंका शाहरुख खान की फिल्म 'डंकी' में भी नजर आने वाली हैं। इस फिल्म से राजकुमार हिरानी और किंग खान पहली बार साथ आ रहे हैं। हालांकि, अभी इसको लेकर कोई आधिकारिक एलान नहीं किया गया है।
Filmy Wrap: प्रकाश राज के खिलाफ FIR की मांग और बिग बी ने बताया सेहत का हाल, पढ़ें मनोरंजन जगत की खबरें