टीवी रियलिटी शो 'बिग बॉस 12' का काउंट डाउन शरू हो चुका है और सलमान के फैन्स को सिर्फ 16 सितंबर का बेसब्री से इंतजार है। इधर बिग बॉस 12 के घर का हिस्सा बनने जा रहे कंटेस्टेंट्स की भी लिस्ट तैयार की जा रही है। तो वहीं देर सवेर सलमान की फीस का भी खुलासा हो गया है। बता दें कि सलमान खान इस सीजन छप्पर फाड़ कमाई करने वाले हैं.. तो आइए जानते हैं आखिर प्रति एपिसोड कितने करोड़ रुपये लेंगे दबंग खान...
इस वक्त टीवी और फिल्मी दुनिया में सलमान का सिक्का सबसे ऊपर चल रहा है। जहां उनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ का आंकड़ा पार कर रही तो वहीं टीवी रियलिटी शो से भी वह दोनों हाथों से मोटी कमाई कर रहे हैं। बता दें कि पिछले सीजन में सलमान को 11 करोड़ रुपये प्रति एपिसोड मिले थे तो वहीं इस सीजन में उन्हें बड़ा हाइक मिला है।
टीवी रियलिटी शो बिग बॉस 13 हफ्ते यानी एक महीना एक हफ्ते तक चलता है। ऐसे में शो की बढ़ती टीआरपी देख समय आगे भी बढ़ा दिया जाता है। खैर, बात करें सलमान खान की तो वह इन 13 हफ्तों में सिर्फ शनिवार और रविवार को ही नजर आते हैं यानी 'वीकेंड का वार' में। इसे देखते हुए सलमान शो में 26 एपिसोड में नजर आएंगे। अब इन 26 एपिसोड के हिसाब से उनके खाते में 364 करोड़ रुपये की बड़ी रकम बतौर फीस जा रही है। इस हिसाब से प्रति एपिसोड उनके खाते में 14 करोड़ रुपये जा रहे हैं। लेकिन ये रकम सलमान के मुताबिक नहीं है।
हर साल बढ़ती बिग बॉस की टीआरपी ने सलमान की डिमांड भी बढ़ा दी है। बता दें कि सलमान ने शो के हिट होने के चलते प्रति एपिसोड 19 करोड़ रुपये मांगे थे। लेकिन शो के मेकर्स इस बात के लिए राजी नहीं हुए। आखिर में लंबी बातचीत के बाद सलमान को 14 करोड़ रुपये से संतुष्ट होना पड़ा।
सलमान खान ने शो की कमान चौथे सीजन 2010 में संभाली थी। तब से वह इसके 8 सीजन होस्ट कर चुके हैं। ऐसे में शो के मेकर्स का कहना है कि इस बार शो का बजट उनकी उम्मीद के मुताबिक नहीं है इसलिए शो के होस्ट सलमान ही नहीं बल्कि कंटेस्टेंट्स को भी कम फीस मिलेगी। बता दें कि इसी बात के चलते गोवा में हुए शो के प्रीमियर लॉन्च में सलमान ने फीस के सवाल पर चुप्पी साध ली थी और मेकर्स ने भी नोटबंदी का बहाना बताकर पैसा कम देने की बात कही थी।