मोस्ट पॉपुलर क्विज शो कौन बनेगा करोड़पति में कल रात यानी 7 सितंबर को स्पेशल सेगमेंट देखने को मिला। इस स्पेशल सेगमेंट का नाम कर्मवीर स्पेशल था जो शो में पहली बार देखने को मिला है। इस शो में सामाजिक कार्यो में अनूठा योगदान देने वाले शख्स को बुलाया जाता है। ऐसे में महाराष्ट्र के डा. प्रकाश आम्टे और मंदाकिनी आम्टे शो में नजर आए।
बता दें कि ये कपल कई सालों से महाराष्ट्र के सुदूर इलाकों में रह रहे आदिवासियों की सेवा में अपना जीवन बिता रहा है। इस दौरान वे कई लोगों की जान बचा चुके हैं और साथ कई लोगों की आंखों की रोशनी भी वापस ला चुके हैं।
ऐसे में शो के होस्ट अमिताभ बच्चन बार-बार शो में खड़े होकर उनके इन सराहनीय कामों का अभिवादन कर रहे थे। जब बिग बी ने प्रकाश से उनके निजी जीवन के बारे में जानना चाहा तो उन्होंने बताया कि शादी से लेकर आजतक वह अपनी पत्नी के लिए एक साड़ी तक नहीं खरीद पाए हैं।
लेकिन आपको बता दें कि प्रकाश की पत्नी मंदाकिनी एक सुपरवुमेन हैं जो प्रकाश के साथ हर हाल में खुश हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि मंदाकिनी ने शो में सवालों के इतनी जल्दी जवाब दिए कि खुद बिग बी इस बात से दंग रह गए। प्रकाश ने आगे बताया कि उन्होंने मंदाकिनी से शादी से पहले ही कह दिया था कि वह उम्रभर जंगल में रहेंगे और कब कहां और कैसे रहना है कोई ठिकाना नहीं है।
लेकिन मंदाकिनी ने किसी भी बात की परवाह ने करते हुए प्रकाश का साथ देने की ठान ली। आज दोनों ने एक अस्पताल खोला हुआ है जिसमें हर साल तकरीबन 40 हजार लोगों का इलाज किया जाता है। साथ ही 600 बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जाती हैं। बता दें कि प्रकाश के खुद तीन बड़े-बड़े बच्चे हैं जो उन्हीं के साथ रहते हैं। शो में इस कपल ने 25 लाख रुपये की राशि जीती।