'कौन बनेगा करोड़पति' सीजन 10 का आगाज अमिताभ बच्चन ने अपने दमदार अंदाज में किया। आम आदमी के सपनों को पूरा करने वाले इस शो के दूसरे एपिसोड में सोमेश कुमार ने हिस्सा लिया। सोमेश बिहार के भागलपुर के रहने वाले हैं। बहुत ही कम लोगों को पता है कि सोमेश तो केबीसी में हिस्सा ही नहीं लेना चाहते थे।
जी हां, हिंदुस्तान को दिए एक इंटरव्यू में सोमेश ने बताया कि वो पिछले नौ सालों से केबीसी में जाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लग रही थी। इस बार सोमेन ने केबीसी में जाने का फैसला नहीं किया था लेकिन उनकी बहन नीतू मिश्रा की जिद के आगे उनकी एक ना चली और केबीसी में रजिस्ट्रेशन कराया।
सोमेश के रजिस्ट्रेशन करने की बात को उनकी बहन नीतू झूठ मान रही थीं और उन्होंने भाई से अप्लाई किए गए एसएमएस का स्क्रीन शॉट मांगा। इसके बाद उन्होंने नीतू को स्क्रीन शॉट भेजा। उस वक्त सोमेश न्यू कूच बिहार में थे जहां वो टिकट परीक्षक पद पर कार्यरत हैं। सोमेश के रजिस्ट्रेशन के बाद उनकी बहन लगातार प्रार्थना कर रही थीं कि किसी तरह वो हॉट सीट पर पहुंच जाए।
6 जून को रजिस्ट्रेशन करने के बाद सोमेश को केबीसी से फोन आ गया। उस दौरान सोमेश से तीन सवाल पूछे गए। सही जवाब देने के बाद उन्हें ऑडिशन के लिए वाराणसी बुलाया गया। वहां उनसे कई सवाल पूछे गए। फिर इंटरव्यू राउंड भी हुआ। यहां सेलेक्ट होने के बाद सोमेश को फोन आया कि उनका सेलेक्शन फास्टेट फिंगर के लिए किया गया है।
सोमेश के परिवारवालों ने जब ये सुना तो वो खुशी से उछल पड़े। मंगलवार को जब वो अमिताभ बच्चन के सामने थे तो उनका पूरा परिवार टीवी के सामने बैठा रहा। अभी तक सोमेश 25 लाख रुपये जीत चुके हैं। बुधवार को आगे के लिए वो अपना खेल जारी रखेंगे हालांकि सोमेश की चारों लाइफ लाइन खत्म हो चुकी है।