कपिल शर्मा ने बेहद कड़ा संघर्ष करके आज अपनी पहचान बनाई है। अपनी जबरदस्त कॉमेडी टाइमिंग के चलते कपिल दर्शकों के साथ साथ सेलेब्स को भी अपना फैन बना चुके हैं। अमिताभ बच्चन से लेकर प्रियंका चोपड़ा तक जैसे सेलेब्स भी कपिल की लाइन्स पर जोरदार ठहाके लगाते हैं। पिछले कुछ समय से कपिल टीवी से दूर हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर वो काफी सक्रिय रहते हैं। अक्सर कपिल अपनी यादगार तस्वीरें फैंस संग साझा करते हैं। अब हाल ही में कपिल ने अपने कॉलेज के दिनों की एक तस्वीर साझा की है और इसके साथ ही उन्होंने फैंस को एक चुनौती दी है।
थ्रोबैक: कपिल शर्मा के कॉलेज के दिनों की तस्वीर वायरल, एक नजर में आप भी नहीं पहचान पाएंगे
कपिल इस तस्वीर में नीले रंग की शर्ट पहने नजर आ रहे हैं और उन्होंने हाथ में डफली ले रखी है। कॉलेज के समय की इस तस्वीर में कपिल अपने दोस्तों संग बैठे हैं। ये तस्वीर उस समय की है जब कपिल थिएटर प्ले कर रहे थे और उनके दोस्त भी उनके साथ मस्ती करते नजर आ रहे थे।
View this post on Instagram
सालों पुरानी इस तस्वीर को साझा करते हुए कपिल ने लिखा, 'अपने प्ले की रिहर्सल के बाद मेरी टीम, मेरी टीम के साथ म्यूजिकल सेशन, मुझे इस तस्वीर में ढूंढों और नीचे कमेंट्स में लिखो'। इसके साथ ही कपिल ने #old #memories #college #theatre जैसे हैशटैग का इस्तेमाल किया है। उनकी इस तस्वीर पर फैंस जमकर प्यार लुटा रहे हैं।
बता दें कि कपिल शर्मा इसी साल एक बेटे के पिता बने हैं। उन्होंने काफी समय पहले अपने बेटे की तस्वीर भी साझा की थी। इस तस्वीर में उनके दोनों बच्चे नजर आ रहे थे। इस तस्वीर को साझा करते हुए कपिल ने लिखा , 'पब्लिक की पुरजोर मांग पर अनायरा और त्रिशान पहली बार एक साथ।' कपिल शर्मा की बच्चों के साथ इस प्यारी तस्वीर को फैंस के साथ ही सितारे ने भी खूब पसंद किया था।वहीं फैंस ने भी इस फोटो पर खूब प्यार बरसाया था।
शो की बात करें तो इस साल फरवरी के दूसरे हफ्ते में 'द कपिल शर्मा शो' का प्रसारण बंद कर दिया था। इसकी वजह ये बताई गई कि कपिल अपने परिवार के साथ कुछ वक्त बिताना चाहते हैं साथ ही कोरोना के कारण लाइव ऑडियंस के ना आने पर शो की टीआरपी पर भी असर पड़ रहा था। ऐसे में ये फैसला लिया गया कि शो को कुछ समय बंद रखने के बाद एक नए फ्लेवर और नए तरीके से शुरू किया जाएगा।