कपिल शर्मा दो महीनों के अंतराल के बाद अब छोटे पर्दे पर वापस आ रहे हैं। लेकिन इस बार कॉमेडी नाइट्स विद कपिल लेकिन नहीं बल्कि द कपिल शर्मा शो लेकर। नाम और चैनल भले ही बदला हो लेकिन न तो कपिल के हंसाने का तरीका बदला है न उनकी कास्ट। कपिल और उनका शो जितने चर्चित हुए उसमें सिर्फ उनका ही नहीं, उनकी पूरी कास्ट का हाथ था। यानी कह सकते हैं कि कपिल के साथ ये लोग न हों तो वो भी फीके लगेंगे।
गुुत्थी के बिना अधूरी है कपिल की कॉमेडी
कपिल शर्मा के शो में सबसे लोकप्रिय थी गुत्थी। गुत्थी का किरदार निभाने वाले सुनील ग्रोवर कॉमेडी तो पहले भी करते थे लेकिन उनकी इतनी फैन फॉलोइंग नहीं थी। बीच में सुनील भी शो छो़ड़ कर चले गए थे लेकिन फिर उन्हें समझ आ गया कि उनका भविष्य कपिल के साथ ही है। सुनील की पत्नी औऱ बच्ची शिकायत तक करते हैं कि उनके इस किरदार के कारण लोग उनका भी मजाक उ़ड़ाते हैं लेकिन सुनील ने इसे जारी रखा कॉमेडी नाइट्स से पहले वो कॉमेडी सर्कस में कॉमेडी किया करते थे। इसके अलावा गुटुर गू और क्या आप पांचवी फेल चंपू है? में भी हिट रहे थे।
दादी नहीं तो किस्सी नहीं
दादी का रोल निभाने वाले अली असगर महिला के किरदार में इतने रम चुके हैं कि जिन्होंने उनके पुराने सीरियल नहीं देखे, वे ये पहचान तक नहीं पाएंगे कि वो पुरुष हैं या महिला। अली को सबसे ज्यादा पहचान मिली थी सीरियल कहानी घर घर की में कमल का रोल निभाने के बाद। यही उनका आखिरी गंभीर किरदार था क्योंकि उसके बाद उन्होंने सिर्फ कॉमेडी की। अब अली कहते हैं कि वो दादी के रोल में इतने रम चुके है कि शूटिंग के बाद जब उनकी ब्रेस्ट बॉल्स हटाई जाती हैं तो उन्हें अजीब लगता है। कपिल के शो से पहले वे कॉमेडी सीरियल जीनी और जूजू और एफआईआर में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।
अपने 'हैंड' से बात करवाने वाली पलक
किकू शारदा यानी कॉमेडी नाइट्स की पलक ने भी शो में सबको बहुत गुदगुदाया। जब तक वे ओओओओओ.. टॉक टू माई हैंड न कह दें, हंसी का तड़का पूरा नहीं होता था। इस शो में काम करते करते ही उन्होंने झलक दिखला जा और अकबर बीरबल में काम किया। वे दूसरे कॉमेडी शो जैसे कॉमेडी सर्कस के अजूबे, कहानी कॉमेडी सर्कस की, भूतवाला सीरियल, अगड़म बगड़म तिगड़म से भी सबको हंसा चुके हैं। लेकिन सबसे ज्यादा मजेदार उनका किरदार सीरियल एफआईआर में हवलदार गुलगुले का था। उससे भी पहले वे सीरीयल हातिम, कभी हां कभी न में काम कर चुके हैं।
अली की तरह किकू भी ब्रेस्ट और बालों के इतने आदी हो चुके हैं कि इनके बिना सहज नहीं हो पाते।
मंजू और उसके नखरे
कपिल की पत्नी बनीं सुमोना चक्रवर्ती को कॉमेडी रोल में देखना दिलचस्प था। इनकी जोड़ी इतनी हिट हुई कि लोग सुमोना को कपिल की असली पत्नी ही समझने लगे थे। बाद में पता चला कि कपिल तो सुमोना को बहन जैसा मानते हैं।इस शो से पहले सुमोना सीरियल बड़े अच्छे लगते हैं और एक थी नायिका से चर्चा में आई थीं। कॉमेडी नाइट्स खत्म होने के बाद सुमोना ने ये है आशिकी और जमाई राजा में ग्लैमरस रोल किए। अब वे कपिल के नए शो में किस अंदाज में दिखेंगी, इसका इंतजार है।