हिंदी सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्री काजोल अपने काम को लेकर जितनी चर्चाओं में रहती हैं, उतनी ही अपनी शरारतों को लेकर भी सुर्खियां बटोरती हैं। हाल ही में उन्होंने 'द कपिल शर्मा शो' पर अपनी एक पुरानी शरारत का खुलासा किया, जिसका जिक्र शायद उन्होंने कभी नहीं किया होगा। इस हफ्ते 'द कपिल शर्मा शो' महिला दिवस के दिन टीवी पर प्रसारित होगा। इस मौके पर कपिल के शो में शॉर्ट फिल्म 'देवी' की नौ अभिनेत्रियां मेहमान बनकर आएंगी।
काजोल समेत ये नौ मेहमान श्रुति हासन, नेहा धूपिया, नीना कुलकर्णी, मुक्ता बर्वे, शिवानी रघुवंशी, संध्या म्हात्रे, रमा जोशी और यशस्विनी दयामा हैं। अपने शो के फॉर्मेट के हिसाब से कपिल आने वाले हर मेहमान से उसकी जिंदगी से जुड़ी कुछ अफवाहों की पुष्टि करवाते हैं। इस कड़ी में उन्होंने काजोल से उनकी शादी को लेकर एक अफवाह के बारे में पूछा। कपिल ने पूछा, 'अफवाह है कि आपने अपनी शादी में मीडिया को पता गलत दे दिया था?'
इस पर काजोल ने खिलखिलाते हुए जवाब दिया, 'हां! मैंने मीडिया को गलत जगह का पता दिया था। उन्हें पता देना जरूरी था। अगर मैं उन्हें उस जगह का पता न बताती तो वे ढूंढते कि शादी कहां हो रही है? और अंत में वे उस जगह का पता निकाल भी लेते। इसपर मैंने दिमाग लगाया कि मैं इनको पता दे देती हूं। जब तक उन्हें पता चलेगा कि ये जगह गलत है, तब तक तो शादी भी हो चुकी होगी।'
कपिल ने एक और अफवाह की पुष्टि के लिए काजोल से पूछा कि क्या यह सही है कि आप अपनी मां के कारण अभिनेत्री बनीं? आपको आपकी पहली दो फिल्में अपनी मां तनुजा की वजह से मिली हैं। इस पर काजोल ने कहा, 'ये एकदम झूठ है। मेरी मां ने हमेशा मेरा सहयोग किया है और मुझे सही रास्ता दिखाया है।' बता दें कि शॉर्ट फिल्म देवी में हर कलाकार ने बिना फीस लिए काम किया है। उसके बाद भी सबने अपने किरदार में खुद को झोंका है।