छोटे पर्दे की बेहद मशहूर और लोकप्रिय अभिनेत्री अविका गौर को उनके 'बालिका वधु' में निभाए गए किरदार 'आनंदी' के नाम से जाना जाता है। अविका गौर बहुत छोटी उम्र से ही पर्दे पर राज करने लगी थीं। लेकिन बड़े होते- होते अविका को भी हर अभिनेता की तरह ही संघर्षों से होकर गुजरना पड़ा है। अब हाल ही में अविका ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने संघर्ष के बारे में बताया है।
खुद को आइने में देख रो पड़ती थीं छोटे पर्दे की 'आनंदी', ऐसी रही अविका गौर की फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन जर्नी
दरअसल एक अभिनेत्री होने के नाते अविका को हमेशा फिट रहना था। लेकिन उन्हें असल जिंदगी में वजन बढ़ने की समस्या से जूझना पड़ा था। हालांकि इस समस्या को अविका ने जल्दी ही दूर भी कर दिया। लेकिन इसी बीच उन्हें बेहद संघर्ष भी करना पड़ा था। जिसके बारे में उन्होंने हाल ही में एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया है।
अविका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए साड़ी पहने अपनी कुछ तस्वीरें साझा की हैं। इन तस्वीरों के साथ उन्होंने कैप्शन मे लिखा, 'मुझे अभी भी याद है, पिछले साल एक रात, जब मैंने खुद को आईने में देखा तो रो पड़ी। मैंने जो देखा वो मुझे अच्छा नहीं लगा। बड़े हाथ और पैर और थुलथुला पेट। मुझे बहुत कुछ छोड़ना था। अगर यह थायरॉइड या पीसीओडी की वजह से होता तो ठीक था, क्योंकि वो मेरे नियंत्रण से बाहर होता। लेकिन, यह इसलिए हुआ, क्योंकि मैंने कुछ भी खाया, कभी भी खाया और बिल्कुल वर्क आउट नहीं किया।'
View this post on Instagram
A post shared by Avika Gor (@avikagor) on
अविका आगे लिखती हैं, 'हमारे जिस्म को एहतियात की जरूरत होती है, लेकिन मैंने इसका सम्मान नहीं किया। मैंने खुद को इतना कोसा कि बाहर वालों की जरूरत ही नहीं पड़ी। फिर एक दिन फैसला किया कि बहुत हो चुका। मैंने सही चीजों पर ध्यान देना शुरू कर दिया। वो चीजें, जिन पर गर्व होना चाहिए जैसे कि नाच। जरूरी था कि मैं रुकूं नहीं। मेरे आस-पास के लोग मुझे गाइड कर रहे थे। कहानी लम्बी हो रही है। इसलिए छोटा करते हुए, आज सुबह मैंने खुद को आईने में देखा और महसूस किया कि अब नजर फिराने की जरूरत नहीं है। हमें दुखी रहने की बजाय इस पर काम करना चाहिए। अब मैं सहज महसूस तरती हूं। मेरे अंदर शांति है।'
View this post on Instagram
A post shared by Avika Gor (@avikagor) on
बता दें कि अविका गौर ने कलर्स टेलीविजन के धारावाहिक 'बालिका वधु' में छोटी आनंदी का किरदार निभाया था। इस किरदार को निभाकर अविका घर-घर में मशहूर हो गई थीं। उन्हें आनंदी नाम से ही पहचाना जाने लगा था। इसके बाद अविका को 'ससुराल सिमर का' धारावाहिक में रोली के किरदार में देखा गया। इसमें भी दर्शकों ने उन्हें खूब पसंद किया। इसके अलावा अविका 'झलक दिखला जा' और 'खतरों के खिलाड़' जैसे रियलिटी शोज में भी नजर आ चुकी हैं।
पढ़ें: बचपन की तस्वीरों में इस अभिनेत्री का दिखा क्यूट अंदाज, आप पहचान पाए क्या?