साल 2018 अपने साथ कई नई चीजें भी ला रहा है। सोनी सब अब ‘जीजाजी छत पर हैं’ जैसे कॉमेडी शो लाने को तैयार हैं। मंगलवार यानी आज से शुरू हो रहा यह शो दिल्ली के चांदनी चौक की पृष्ठभूमि पर आधारित है। जिसमें हिबा नवाब एक अनोखी लड़की इलायची की भूमिका में हेै। यह उसके घर के मुखिया मुरारी बंसल (अनूप उपाध्याय) और लाचार किरायेदार, पंचम( निखिल खुराना) की रोमांचक कहानी है।
यह शो, सोमवार से शुक्रवार, रात 10 बजे, सब पर प्रसारित होगा। इसकी कहानी इलायची के मजाक और शरारतों, पंचम के उसकी शरारतों से भागने और मुरारी का अपनी बेटी की शरारतों पर रोक लगाने के लिये उसकी शादी करवाने के इरादों के इर्द-गिर्द घूमती है। शो में मुरारी की चांदनी चौक में लहंगे की एक दुकान है, जो दखलअंदाजी करने वाली अपनी पत्नी करूणा (सोमा राठौर ) और आजाद ख्याल, बातूनी बेटी इलायची के साथ रहता है।
बागी किस्म की इलायची हमेशा ही कुछ ना कुछ नई शरारत करने के लिये तैयार रहती है। वह हर साल जानबूझकर स्कूल में फेल होती रहती है, 22 साल की उम्र होने के बावजूद वह बड़ों की तरह रहने और शादी करने से बचती रहती है। मुरारी हमेशा ही इलायची की हरकतों और उसकी शरारतों से परेशान रहता है। तब उसकी जिंदगी में बदलाव आता है जब मुरारी अपने छत पर बना कमरा पंचम को किराये पर देता है। इलायची को पंचम के रूप में एक नया शिकार मिल जाता है।
आगरा का रहने वाला 24 साल का पंचम संगीतकार बनना चाहता है, लेकिन उसकी जगह उसे मुरारी की दुकान पर काम करना पड़ता है। क्योंकि उसकी किस्मत उसे यहीं लेकर आती है। चूंकि, मुरारी ने पहले ही यह तय कर लिया है कि वह अपना कमरा किसी गैरशादीशुदा व्यक्ति को किराए पर नहीं देगा, तो पंचम को अपनी झूठी शादी और अपने दोस्त पिंटू को अपनी पत्नी बताना पड़ता है।
पिंटू का किरदार हरवीर सिंह ने निभाया है। पंचम उसे अपनी पत्नी बताता है। लेकिन पंचम के लिये परेशानियां यहीं खत्म नहीं होती, किसी तरह इलायची को उसके झूठ का पता चल जाता है और वह पंचम को ब्लैकमेल करने लगती है। यहां पिंटू, पिंटू जीजी बन जाती है और पंचम जीजाजी, उनकी केमेस्ट्री और कॉमिक टाइमिंग, ‘जीजाजी छत पर हैं’ के एक मजेदार सफर पर लेकर जाती है।