प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्मों का विस्तार करने में लगे निर्देशक प्रशांत वर्मा की नई फिल्म ‘राक्षस’ को लेकर अफवाहों का जो सिरा मुंबई में उड़ा, वह हैदराबाद आकर पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। फिल्म के हीरो रणवीर सिंह की टीम ने फिल्म में उनके लुक टेस्ट और प्रोमो की शूटिंग के समय जो कुछ गड़बड़ की, उसकी बातें पूरे हैदराबाद को पता चल चुकी हैं। निर्देशक प्रशांत वर्मा को एक नौसिखिया निर्देशक बताने की साजिश भी सफल नहीं हुई और अब ‘अमर उजाला’ से बात करते हुए प्रशांत वर्मा ने खुद कहा है कि क्रिएटिव डिफरेंस (रचनात्मक मतभेद) जैसी कोई बात उनके और रणवीर सिंह के बीच नहीं हैं।
2 of 5
प्रशांत वर्मा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
हैदराबाद के मनिकोंडा इलाके में पेड़ों के झुरमुटों के बीच बने अपने कार्यालय में ‘अमर उजाला’ से मुलाकात करते हुए प्रशांत वर्मा ने फिल्म ‘राक्षस’ को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। फिल्म का नाम क्या है ‘राक्षस’ या ‘ब्रह्मराक्षस’? ये पूछे जाने पर प्रशांत वर्मा कहते हैं, ‘इसे लेकर हमारी राइटिंग टीम में चर्चाएं चलती रही हैं। कुछ लोग इसे ‘राक्षस’ के नाम से पुकारना चाहते हैं और दूसरी टीम इसे ‘ब्रह्म राक्षस’ का नाम देना चाहती हैं। मेरा अपना मानना ये है कि फिल्म के नाम या इसके चरित्र को लेकर ऐसा कुछ नहीं होना चाहिए जो समाज के किसी भी वर्ग को अरुचिकर लगे, इसीलिए मैं इस फिल्म को ‘राक्षस’ के नाम से ही बनाने जा रहा हूं।’
3 of 5
रणवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
हैदराबाद में प्रशांत वर्मा के जिस दफ्तर में बैठकर ये बातचीत हुई, उसके आसपास के दुकानदार भी अब तक वह दिन नहीं भूले हैं जब रणवीर सिंह इस कार्यालय आए और उनके साथ गाड़ियों का पूरा एक काफिला आया। दुकानदारों की और रणवीर के साथ शूटिंग के दौरान सेट पर मौजूद लोगों की मानें तो उनके साथ आए लोगों का बर्ताव ठीक नहीं था। प्रशांत इस बारे में पूछने पर कहते हैं, ‘हां, रणवीर सिंह का अपना एक स्टाइल है। वह पूरे कारवां के साथ ही दफ्तर आए थे। लेकिन, साउथ में काम करने का तरीका अलग है। यहां सब टीम की तरह काम करते हैं। कोई किसी पर किसी तरह का रुआब गांठने की कोशिश कभी नहीं करता।’
4 of 5
रणवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
तो रणवीर सिंह से रचनात्मक मतभेद की बात कहां से सामने आई? क्या वाकई आधे घंटे के शूट के लिए प्रशांत ने तीन-चार दिन लगा दिए थे? प्रशांत कहते हैं, ‘उनकी टीम जितनी बड़ी थी, उसे लेकर अगर मैं चार दिन तक शूट करता तो न जाने खर्चा कितना आता। हमने उनका लुक टेस्ट शूट किया था। रचनात्मक मतभेद की बातें कहां से आईं, मुझे नहीं पता और इस पर मैं कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।’
5 of 5
रणवीर सिंह
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, मुंबई
इस शूटिंग पर मौजूद रहे हैदराबाद के सीनियर तकनीशियन बताते हैं, ‘इस शूटिंग के बाद रणवीर सिंह ने अपनी खास स्टाइल में तेलुगु में जो कहा, उसी से साबित होता है कि वह इस फिल्म को लेकर कितना उत्साहित थे।’ करीब 300 करोड़ रुपये के बजट से बनने जा रही फिल्म ‘राक्षस’ के बंद होने या रणवीर सिंह के ये फिल्म छोड़ने की खबरों की तफ्तीश के दौरान पता ये भी चला कि इस फिल्म को लेकर अभी निर्देशक और अभिनेता के बीच संपर्क बना हुआ है। दोनों के बीच आखिरी दौर की बातचीत चल रही है। जल्द ही इस फिल्म को तय योजना के मुताबिक शुरू करने की तैयारियां भी जारी हैं।