भारत में कोरोना महामारी तेजी से अपने पैर पसार रही है और भारतीय इससे लगातार जंग लड़ रहे हैं। संकट की इस घड़ी में सभी लोग एक दूसरे की मदद के लिए आगे आ रहे हैं और ऐसे में बॉलीवुड सेलेब्स भी लगातार लोगों तक सहायता पहुंचा रहे हैं। अब इसी कड़ी में हॉलीवुड सेलेब्स का नाम भी जुड़ गया है। हाल ही में हॉलीवुड सिंगर कैटी पेरी और कैमिला कैबेलो ने अपने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा कर लोगों से मदद करने की गुजारिश की है।
कोरोना: भारत की मदद के लिए आगे आईं कैटी पेरी और कैमिला कैबेलो, फैंस से की ये अपील
कोरोना संक्रमण से लड़ाई में भारत की मदद करने के लिए कैटी पेरी ने अपने फैंस ने योगदान देने की अपील की है। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुे लिखा, 'आपने भारत में मची तबाही के बारे में सुना होगा। हर दिन कोविड के मामलों की संख्या एक नया विश्व रिकॉर्ड बना रहा है। एनपीआर की रिपोर्ट के मुताबिक 386,453 केसों के साथ भारत पीक पर आ गया है। अस्पतालों ने मरीजों को भर्ती करना बंद कर दिया है, क्योंकि वे ऑक्सीजन सहित महत्वपूर्ण आपूर्ति और उपकरणों की कमी का सामना कर रहे हैं। जिससे लोगों को अपने प्रियजनों को अस्पताल के दरवाजे के बाहर स्ट्रेचर पर मरते देखना पड़ रहा है।'
सिंगर ने आगे ब्रिटिश एशियन ट्रस्ट को टैग करते हुए लिखा कि, 'मेरे दोस्त भारत में अस्पतालों तक ऑक्सीजन कंसंट्रेटर्स पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं। अगर आप मदद करना चाहें तो मदद करने पर विचार करें। लिंक मेरे बायो में है।'
तो वहीं इस कड़ी में सिंगर कैमिला कैबेलो ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो साझा किया और कोरोना महामारी के चलते भारत की स्थिति पर दुख जताया। कैमिला ने कैप्शन में कुछ लोगों को टैग करते हुए लिखा कि, 'भारत को कोरोना संक्रमण की विनाशकारी दूसरी लहर का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते भारत को बचाने में मदद करने के लिए संसाधनों और सहायता की बेहद जरूरत है।'
सिंगर ने आगे लिखा कि, 'अगर आप कर सकते हैं तो कृपया जय शेट्टी और राधिदेव से संपर्क करें, जो गिव इंडिया के लिए एक मिलियन डॉलर जुटाने की कोशिश में जुटे हैं। आपकी एक मदद अंतर ला सकती है। इसके लिए अपनी पूरी कोशिश करें। दान करने के लिए नीचे दिए लिंक पर क्लिक करें।'