मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स के चाहने वालों के लिए सोमवार को मार्वेल स्टूडियोज ने अपनी बहुप्रतीक्षित सीरीज ‘हॉकआई’ का ट्रेलर जारी कर दिया। ‘हॉकआई’ मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स के एवेंजर्स में से एक है और इस किरदार पर खास तौर से मार्वेल ने ये स्वतंत्र सीरीज बनाई है। सीरीज में उसके परिवार की कहानी के अलावा उससे प्रेरणा लेने वाली अगली पीढ़ी की भी झलकियां शामिल हैं और साथ ही ट्रेलर मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स की कुछ और दिलचस्प बातों का भी खुलासा करता दिखता है। इस साल मार्वेल स्टूडियोज अब तक चार वेब सीरीज ओटीटी पर रिलीज कर चुका है। ये उसकी पांचवीं सीरीज होगी और सब कुछ ठीक रहा हो तो ‘मिस मार्वेल’ नामक नए किरदार की एंट्री भी मार्वेल सिनेमैटिक यूनीवर्स में इसी साल दिखाई दे जाएगी। मार्वेल ने हाल ही में अपनी फिल्मों को भी फिर से सिनेमाघरों में रिलीज करना शुरू कर दिया है। फेज फोर की अब तक दो फिल्में ‘ब्लैक विडो’ और ‘शांगची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ अब तक रिलीज हो चुकी हैं। एमसीयू की दो और फिल्में इसी साल रिलीज होनी हैं।
Hawkeye trailer: शागिर्द और उस्ताद का दिलचस्प आमना सामना, मिलिए ‘हॉकआई’ के अनोखे परिवार से
सीरीज ‘हॉकआई’ का ट्रेलर बहुत ही हैरतअंगेज और रोचक दृश्यों से भरपूर है और इस बार कहानी मे रिश्तों के एहसासों पर पूरा जोर दिखाई दे रहा है। ट्रेलर का पूरा जोर वैसे हॉकआई (जेरेमी रेनेर) और उसकी असली पहचान पर ही दिख रहा है लेकिन इसमें एक नए किरदार केट बिशप (हैली स्टीनफील्ड) की एंट्री ने कहानी को एक नया ट्विस्ट दे दिया है। मार्वेल कॉमिक्स पढ़ने वालों को पता ही है कि कॉमिक सीरीज में हॉकआई के काम को आगे बिशप ही बढ़ाती है और ऐसा करने वाली एमसीयू की वह पहली महिला है। मार्वेल स्टूडियोज की वेब सीरीज ‘हॉकआई’ पिछले साल ही रिलीज होनी थी लेकिन कोरोना संक्रमण काल के चलते इसकी रिलीज अब अगले महीने होने जा रही हैं।
वेब सीरीज ‘हॉकआई’ के ट्रेलर का सबसे दिसचस्प पहलू वो लम्हे हैं जिनमें वह अपने परिवार के साथ वक्त बिताने की कोशिश करता दिख रहा है। एमसीयू की फिल्म ‘एवेंजर्स एंडगेम’ से भी कहानी का एक सिरा जुड़ता वेब सीरीज ‘हॉकआई’ के ट्रेलर में नजर आता है। ट्रेलर के हिसाब से जो कहानी समझ आती है उसके मुताबिक ‘हॉकआई’ और उसके परिवार के बीच एक नकाबपोश आ चुका है। केट को अपनी जैसी हुनरमंद तीरंदाज देखकर ‘हॉकआई’ चौंकता है और फिर दोनों मिलकर कहानी के खलनायकों का मुकाबला करते नजर आते हैं।
मार्वेल स्टूडियोज ने इस साल की शुरुआत वेब सीरीज ‘वांडा विजन’ से की थी। नौ एपीसोड की इस सीरीज के बाद आई छह एपीसोड की सीरीज ‘द फाल्कन एंड विंटर सोल्जर’ भी दर्शकों में खास रोमांच पैदा नही कर सकी। लेकिन, गर्मियों में रिलीज हुई छह एपीसोड की सीरीज ‘लोकी’ ने एमसीयू के प्रशंसकों का खासा मनोरंजन किया। यही वह सीरीज है जिसमें एमसीयू में समानांतर चल रही तमाम दुनियाओं का विचार दर्शकों के सामने खुलकर पेश किया गया है। पिछले महीने रिलीज हुई वेब सीरीज ‘व्हाट इफ’ भी मार्वेल के प्रशंसकों का मनोरंजन करने में सफल रही। वेब सीरीज ‘हॉकआई’ इसी कड़ी की इस साल की पांचवी सीरीज है। ये सीरीज डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर 24 नवंबर से प्रसारित होगी।
एमसीयू की फिल्मों के मामले में इसका चौथा चरण शुरू हो चुका है। साल 2019 में फिल्म ‘स्पाइडरमैन-फार फ्रॉम होम’ के बाद एमसीयू की अगली फिल्म ‘ब्लैक विडो’ इस साल जुलाई में रिलीज हुई जिसमें एमसीयू की कहानी में ‘ब्लैकविडो’ की अहमियत और उसके अतीत के बारे में दर्शकों को जानकारी दी गई। फिल्म कुछ खास मनोरंजक नहीं रही। ये फिल्म अब भारत में भी ओटीटी पर उपलब्ध है। एमसीयू की कहानी ने गति इस महीने रिलीज हुई फिल्म ‘शांगची एंड द लीजेंड ऑफ द टेन रिंग्स’ से पकड़ी है। नवंबर महीने में ये कहानी ‘इटर्नल्स’ तक पहुंचेगी और फिर साल का समापन होगा दिसंबर में रिलीज होने जा रही फिल्म ‘स्पाइडरमैन- नो वे होम’ से।