कमल हासन की 'विक्रम' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। इस फिल्म को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं। रिलीज के बाद से ही लगातार धुआंधार कलेक्शन करने वाली यह फिल्म 300 करोड़ के क्लब में एंट्री कर चुकी है। इस बीच 'विक्रम' ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इस फिल्म ने अब एसएस राजामौली की फिल्म 'बाहुबली 2' को पीछे छोड़ दिया है, जिसके बाद अपनी खुशी का इजहार करते हुए विजय विजय सेतुपति ने एक वीडियो शेयर किया है।
Vikram: बॉक्स ऑफिस पर 'विक्रम' का धमाल जारी, 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड तोड़ने पर विजय सेतुपति ने जताई खुशी
इस फिल्म ने एक नया रिकॉर्ड कायम करते हुए कमाई के मामले में 'बाहुबली 2' को पीछे छोड़ दिया है। इस फिल्म ने महज 16 दिनों में 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया है। तमिलनाडु की बात करें तो अकेले इस राज्य में फिल्म ने 150 करोड़ का कलेक्शन कर 'बाहुबली 2' का रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। बता दें कि 'बाहुबली 2' तमिलनाडु में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी। फिलहाल फिल्म की कमाई की रफ्तार देखकर यह कहा जा सकता है कि आने वाले समय में यह फिल्म कई और रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।
इस फिल्म की सफलता से एक्टर विजय सेतुपति भी काफी खुश हैं। तमिलनाडु में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनने के बाद उन्होंने इसका एक छोटा सा क्लिप जारी कर अपनी खुशी जाहिर की है। वीडियो में एजेंट टीना जमकर स्टंट करती नजर आ रही हैं।
गौरतलब है कि 'विक्रम' एक हाई-ऑक्टेन एक्शन एंटरटेनर है, जिसे लोकेश कनगराज ने लिखा और निर्देशित किया है। फिल्म में कमल हासन, फहद फासिल और विजय सेतुपति मुख्य भूमिका में हैं। वहीं, सूर्या ने रोलेक्स की भूमिका निभाई है। उनका पांच मिनट का विस्फोटक कैमियो फिल्म के मुख्य आकर्षण में से एक था। इस फिल्म में कालिदास जयराम, नारायण, वसंती, गायत्री और संथाना भारती को सहायक भूमिकाओं में देखा गया था।